Gurugram News: गुरुग्राम अलर्ट पर,नगर निगम-मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन में हड़कंप
गुरुग्राम के सेक्टर-34 स्थित नगर निगम और मेयर कार्यालय को ईमेल के ज़रिए बम धमाके की चेतावनी मिली, जिसके बाद पूरे परिसर को खाली कराकर सुरक्षा एजेंसियों ने सघन तलाशी शुरू की। पुलिस, बम निरोधक टीम और डॉग स्क्वॉड अलर्ट पर हैं, जबकि शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Gurugram:आज हरियाणा के गुरुग्राम से एक गंभीर और सनसनीखेज़ अलर्ट सामने आया है। सेक्टर-34 स्थित नगर निगम और मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे प्रशासन में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक टीम तुरंत मौके पर पहुंची । सावधानी के तौर पर पूरे सरकारी परिसर को खाली कराया गया और कर्मचारियों व आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सूत्रों के मुताबिक, ई-मेल के जरिए नगर निगम और मेयर कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई। मेल में दोपहर के समय संदिग्ध विस्फोट की आशंका जताई गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर कड़ी तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
इसके साथ ही, ई-मेल में कुछ सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों का भी ज़िक्र किया गया, जिनमें दिल्ली और हरियाणा के प्रमुख स्थान शामिल बताए गए। एहतियात के तौर पर संबंधित इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अधिक पुलिस बल तैनात किया गया है।
यही नहीं, गुरुग्राम में पहले भी नामी स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। उस वक्त स्कूल परिसरों को सैनिटाइज किया गया था और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए कक्षाएं रोक दी गई थीं।
फिलहाल, इस धमकी को लेकर जांच एजेंसियां ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, और सुरक्षा में कोई चूक नहीं छोड़ी जाएगी।

About The Author
संबंधित समाचार



