Gurugram News: गुरुग्राम में तारों का जंजाल बना जानलेवा: निगम की गाड़ी फंसी तो सड़क पर गिरा बिजली का खंभा
तारों के जंजाल में फंसी नगर निगम की गाड़ी, खिंचाव से बिजली का खंभा गिरा
शहर के 4 मरला इलाके में मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब तारों के जाल में उलझने के बाद नगर निगम की सीवरेज गाड़ी के आगे बढ़ते ही बिजली का खंभा सड़क पर आ गिरा।
गुरुग्राम: शहर के 4 मरला इलाके में मंगलवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब तारों के जाल में उलझने के बाद नगर निगम की सीवरेज गाड़ी के आगे बढ़ते ही बिजली का खंभा सड़क पर आ गिरा। हादसे के वक्त सड़क पर लोगों की आवाजाही थी, लेकिन खंभा किसी राहगीर या निगम कर्मचारी पर नहीं गिरा।

जानकारी के मुताबिक नगर निगम की सीवरेज वाहन इलाके की गली से गुजर रहा था। सड़क के ऊपर बिजली और केबल के तार बड़ी संख्या में लटके हुए थे। वाहन आगे बढ़ा तो तारों में खिंचाव पैदा हो गया। इसी दौरान बिजली का खंभा अपनी जगह से उखड़कर सड़क पर गिर गया। खंभे के गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित जगह की ओर भागे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तारों का जाल इतना घना था कि खंभा भी ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। लोगों का कहना है कि बिजली के खंभों पर सिर्फ बिजली विभाग की लाइनें ही नहीं हैं, बल्कि निजी इंटरनेट कंपनियों और स्थानीय केबल ऑपरेटरों के तार भी बड़ी संख्या में लटक रहे हैं। कई जगह ये तार टूटकर जमीन तक पहुंच जाते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना रहता है।
शिकायतों के बावजूद नहीं सुधरी स्थिति
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अव्यवस्थित और लटकते तारों को लेकर संबंधित विभागों से कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि नगर निगम और बिजली विभाग एक-दूसरे की जिम्मेदारी बताकर कार्रवाई से बचते नजर आते हैं। नतीजा यह है कि सड़कों और गलियों में तारों का जाल लगातार बढ़ता जा रहा है।
लोगों ने सवाल उठाया कि जब सरकारी वाहन के गुजरने से ही तारों में खिंचाव आकर बिजली का खंभा गिर सकता है, तो आम दोपहिया या बड़े वाहन के गुजरने पर स्थिति कितनी खतरनाक हो सकती है। गनीमत रही कि हादसे के दौरान कोई व्यक्ति सीधे खंभे की चपेट में नहीं आया। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से अव्यवस्थित केबल हटाने और खंभों की सुरक्षा जांच कराने की मांग की है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



