Gurugram news: "भ्रष्ट है पूजा कॉन्सुलेशन एजेंसी, विजिलेंस जांच और एफआईआर होगी"
मानेसर में डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली एजेंसी की खुली कलई, जांच करने पहुंची मेयर टीम के साथ एजेंसी प्रतिनिधि गौरव जोशी ने की बदसलूकी
मानेसर नगर निगम में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक ढुलमुल रवैये के खिलाफ चल रही पार्षदों की मुहिम रविवार को अखाड़े में तब्दील हो गई। दरअसल, पिछले काफी समय से निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन और पार्षदों को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी कड़ी में रविवार को मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव और ज्वाइंट कमिश्नर की मौजूदगी में कचरा उठाने वाले वाहनों और उनके स्टाफ की जमीनी हकीकत परखने के लिए एक विशेष जांच रखी गई थी।
गुरुग्राम: मानेसर नगर निगम में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक ढुलमुल रवैये के खिलाफ चल रही पार्षदों की मुहिम रविवार को अखाड़े में तब्दील हो गई। दरअसल, पिछले काफी समय से निगम क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन और पार्षदों को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी कड़ी में रविवार को मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव और ज्वाइंट कमिश्नर की मौजूदगी में कचरा उठाने वाले वाहनों और उनके स्टाफ की जमीनी हकीकत परखने के लिए एक विशेष जांच रखी गई थी। लेकिन यह प्रशासनिक जांच उस वक्त हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब टेंडर हासिल करने वाली निजी एजेंसी "पूजा कॉन्सुलेशन" के प्रतिनिधि गौरव जोशी ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघते हुए मौके पर मौजूद पार्षदों के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज शुरू कर दी।

न जेब में लाइसेंस, न बदन पर वर्दी: मौके पर मौजूद पार्षदों ने जब ग्राउंड जीरो पर खड़े सफाई वाहनों और उनके ड्राइवरों के दस्तावेजों को खंगालना शुरू किया, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। भारी और कमर्शियल गाड़ियां दौड़ा रहे अधिकांश चालकों के पास न तो वैध ड्राइविंग लाइसेंस थे और न ही वे अपनी निर्धारित वर्दी में ड्यूटी पर मुस्तैद थे। बिना ट्रेनिंग और वैध दस्तावेजों के इन वाहनों को सड़कों पर उतरवाना सीधे तौर बड़ा खतरा पैदा कर सकता है। जब इस गंभीर लापरवाही को लेकर पार्षदों ने जवाबदेही तय करने की बात कही, तो सुधार करने या गलती मानने के बजाय एजेंसी प्रतिनिधि गौरव जोशी वकीलों और जन प्रतिनिधियों पर ही चिल्लाने लगा और उन्हें देख लेने की धमकी देने लगा।
कागजों पर दौड़ रहीं गाड़ियां, हर महीने 4 करोड़ की डकार रही एजेंसी: इस गुंडागर्दी को देख अधिकारियों के सामने ही पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड नंबर 19 के पार्षद रवि कुमार यादव सहित कई अन्य पार्षदों ने सीधे तौर पर सफाई एजेंसी के संचालकों, निगम के आला अधिकारियों और कुछ रसूखदार सफेदपोशों के बीच गहरे नेक्सस (सांठगांठ) का आरोप लगाया। पार्षदों ने कहा कि मानेसर में जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है, लेकिन कागजों में फर्जी गाड़ियां और फर्जी कर्मचारियों की फौज दिखाकर हर महीने करीब 60 प्रतिशत बजट, यानी तकरीबन 4 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान उठाया जा रहा है। वार्डों में जो इक्का-दुक्का गाड़ियां चल भी रही हैं, वे इतनी कबाड़ हो चुकी हैं कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। यह जनता के टैक्स के पैसे की खुली डकैती है।"
मेयर का कड़ा रुख, विजिलेंस जांच और एफआईआर की मांग पर अड़े पार्षद: जनप्रतिनिधियों के इस तरह सरेआम हुए अपमान और एजेंसी की तानाशाही को देखते हुए मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया। उन्होंने बीच-बचाव करने के बजाय सीधे पुलिस कंट्रोल रूम को फोन घुमाया और निगम कार्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। पुलिस की आमद के बाद किसी तरह धक्का-मुक्की को शांत कराया गया, लेकिन निगम मुख्यालय का माहौल अब भी बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है। अब सभी पार्षदों ने एक सुर में सरकार से इस पूरे टेंडर प्रक्रिया और भुगतान के खेल की उच्च स्तरीय विजिलेंस (सतर्कता विभाग) से जांच कराने की मांग की है। साथ ही, बिना लाइसेंस गाड़ी चलाने वाले चालकों और बदसलूकी करने वाले गौरव जोशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पूजा कंसल्टेशन एजेंसी को तत्काल प्रभाव से ब्लैकलिस्ट करने का अल्टीमेटम दिया है।
भ्रष्ट है एजेंसी, रिकॉर्ड ठीक नहीं कराएंगे जांच : मेयर
मानेसर मेयर डॉ इंद्रजीत यादव ने सीधा सीधा आरोप लगाया कि यह एजेंसी पुरी तरह भ्रष्ट है। चोरी कर रही है और उसके प्रतिनिधि सीना जोरी कर रहे हैं। इसके पूरे टेंडर की विजिलेंस जांच कराएंगे। गौरव जोशी के खिलाफ फिर भी करेंगे। मेयर डॉक्टर इंद्रजीत यादव ने कहा कि मानेसर की जनता का पैसा भ्रष्टाचार की भेंट नहीं चढ़ने दिया जाएगा। मानेसर में किसी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा। पूरे पारदर्शी तरीके से काम करेंगे किसी भी एजेंसी या ठेकेदार को भ्रष्टाचार करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
एजेंसी के खिलाफ पानीपत में दर्ज है एफआईआर: एजेंसी के खिलाफ पानीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो की ओर से पहले ही एफआईआर दर्ज है। एजेंसी पर धोखाधड़ी के गंभीर आरोप हैं। पिछले वर्ष दो मई को दर्ज हुई एफआईआर में कहा गया है कि एजेंसी के पास पानीपत नगर निगम के नालों और रात्रि सफाई का ठेका था। इस ठेके में एजेंसी ने ज्यादा आदमी दिखाकर निगम से भुगतान लिया। करनाल एंटी करप्शन ब्यूरो की जांच में यह आरोप सही पाए गए थे।




