Hansi News: विधायक विनोद भयाना ने देवीलाल मार्केट में करीब 40 लाख रुपये की लागत से करवाए गए विकास कार्यों का किया उद्घाटन

दुकानदारों ने पटाखे फोड़कर किया खुशी का इजहार, एक दूसरे को मिठाइयां खिलाई और बधाइयां दी

Desh Rojana
On

हांसी शहर के प्रमुख बाजार देवी लाल मार्केट ने अब नए आकर्षक स्वरूप के साथ नई पहचान हासिल की है। नगर परिषद हांसी द्वारा बाजार के सौंदर्यकरण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब 40 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य करवाए गए हैं।

हांसी: हांसी शहर के प्रमुख बाजार देवी लाल मार्केट ने अब नए आकर्षक स्वरूप के साथ नई पहचान हासिल की है। नगर परिषद हांसी द्वारा बाजार के सौंदर्यकरण और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए करीब 40 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य करवाए गए हैं। विधायक विनोद भयाना ने इन विकास कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया।

1004727380

दुकानदारों की काफी दिनों पुरानी मांग पूरी होने पर उन्होंने विधायक विनोद भयाना का जोरदार स्वागत किया। दुकानदारों ने पटाखे फोड़ कर अपनी खुशी का इजहार किया और एक दूसरे को मिठाइयां खिलाई और बधाइयां दी।
 
सौंदर्यकरण कार्यों के पूरा होने के बाद देवी लाल मार्केट का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। आकर्षक रंगीन ब्लॉक से निर्मित फुटपाथ, सुंदर प्रकाश व्यवस्था, ग्रेनाइट से सुसज्जित सीढ़ियां, तोरण द्वार की तर्ज पर बनाए गए आकर्षक प्रवेश द्वार, व्यवस्थित पार्किंग क्षेत्र, हरित पट्टी तथा ‘आई लव हांसी’ का आकर्षक स्टील साइन बाजार की खूबसूरती में चार चांद लगा रहे हैं।
 
फुटपाथ और पार्किंग क्षेत्र को दिया नया स्वरूप: नगर परिषद द्वारा देवी लाल मार्केट में करीब 40 लाख रुपये की लागत से व्यापक सौंदर्यकरण कार्य करवाए गए हैं। बाजार में आकर्षक एवं मजबूत फुटपाथ का निर्माण किया गया है तथा रंगीन ब्लॉक लगाए गए हैं। फुटपाथ पर आधुनिक लाइटें लगाई गई हैं, जिससे शाम के समय बाजार का स्वरूप और अधिक आकर्षक दिखाई देता है। इसके साथ ही पार्किंग क्षेत्र एवं हरित पट्टी को भी व्यवस्थित करते हुए उनका सौंदर्यकरण किया गया है। इससे बाजार में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी और बाजार का समग्र वातावरण भी अधिक व्यवस्थित नजर आएगा।
 
तोरण द्वार की तर्ज पर बने दो आकर्षक प्रवेश द्वार- देवी लाल मार्केट में प्रवेश के लिए तोरण द्वार की तर्ज पर दो आकर्षक प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। इन प्रवेश द्वारों से बाजार को अलग पहचान मिली है और बाजार का प्रवेश क्षेत्र पहले की अपेक्षा कहीं अधिक सुंदर दिखाई दे रहा है। सीढ़ियों पर ग्रेनाइट लगाया गया है, जिससे उनकी सुंदरता के साथ-साथ मजबूती भी बढ़ी है। वहीं, सीढ़ियों पर बाइक चढ़ने की समस्या को रोकने के लिए स्टील बोलार्ड लगाए गए हैं। इससे दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगेगी और पैदल चलने वाले नागरिकों को सुविधा मिलेगी। बाजार के अंदर पूरे क्षेत्र में सीसी फर्श का कार्य भी करवाया गया है। इससे दुकानदारों और ग्राहकों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा बरसात के दिनों में कीचड़ एवं जलभराव जैसी परेशानियों से भी छुटकारा मिलेगा।
 
‘आई लव हांसी’ साइन बना आकर्षण का केंद्र: देवी लाल मार्केट में नगर परिषद द्वारा स्टील से तैयार करवाया गया ‘आई लव हांसी’ का आकर्षक साइन भी लगाया गया है। यह साइन बाजार में आने वाले नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। यहां लोग रुककर फोटो खींच सकेंगे और यह स्थान हांसी की नई पहचान के रूप में भी उभर सकता है।
 
शहर के हर क्षेत्र में दिखेगा विकास : विधायक विनोद भयाना ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरों के सुनियोजित विकास पर विशेष जोर दे रही है। हांसी में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के बाजारों, सड़कों, गलियों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को बेहतर एवं आकर्षक बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि हांसी तेजी से विकसित हो रहा है और आने वाले समय में शहर में विकास की नई तस्वीर देखने को मिलेगी। शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छता, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को भी और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य है कि हांसी शहर विकास, स्वच्छता और बेहतर नागरिक सुविधाओं के मामले में प्रदेश के अग्रणी शहरों में शामिल हो।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र सोनी ने बताया कि नगर परिषद का प्रयास है कि शहर के प्रमुख बाजारों में नागरिकों एवं व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ बाजारों को सुंदर और व्यवस्थित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि देवी लाल मार्केट में करवाए गए सौंदर्यकरण कार्यों से बाजार का स्वरूप निखरा है और यहां आने वाले नागरिकों तथा दुकानदारों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
 
इस अवसर पर नगर परिषद के प्रधान प्रवीण एलाहाबादी  उप प्रधान अनिल बंसल, ब्लॉक समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि सुभाष यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष तनुज खुराना,रमेश सिसोदिया, दीपक मुंजाल, अशोक ढालिया, नवीन ठाकुर, कृष्ण तनेजा, अनुपम चावला, जयवीर एमई, विनय जैन, दर्शन लाल खट्टर, राजेश बंसल तथा विधायक विनोद भयाना के निजी सचिव रवि अरोड़ा सहित शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad