Narnaul News: रफ्तार का कहर: बेकाबू बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, साथी गंभीर
जिले के सिहमा गांव में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
नारनौल: जिले के सिहमा गांव में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सिहमा स्थित शराब ठेके के सामने उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी बेकाबू होकर तबाही मचाती हुई आगे निकल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पेड़ से टकराने के बाद बाइक से भिड़ी बोलेरो-
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार शाम करीब पांच बजे नारनौल की ओर से आ रही एक बोलेरो गाड़ी अचानक अपना संतुलन खो बैठी। बेकाबू वाहन पहले सड़क किनारे एक पेड़ से जोरदार तरीके से टकराया और फिर सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम-
हादसे में खासपुर निवासी करीब 40 वर्षीय संदीप और उनके साथी मदनलाल गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलाई और दोनों को तुरंत नारनौल के नागरिक अस्पताल के लिए रवाना किया। हालांकि, घावों के ताव न सहते हुए संदीप ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, मदनलाल की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उनका उपचार जारी है।
बोलेरो सवार युवकों पर नशे में होने का आरोप, दो फरार-
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बोलेरो में तीन युवक सवार थे और वे अत्यधिक नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। हादसे के बाद बोलेरो में सवार एक युवक घायल हो गया, जबकि उसके अन्य दो साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस फरार युवकों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
एक महीने में परिवार को दूसरा बड़ा सदमा-
इस हादसे ने मृतक संदीप के परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। परिजनों ने बताया कि महज 25 दिन पहले, इसी महीने की 6 अगस्त को उनके परिवार के एक अन्य सदस्य कार्तिक की नहर में डूबने से मौत हो गई थी। अभी उस गम से परिवार उबर भी नहीं पाया था कि संदीप की मौत ने घर में दोबारा मातम पसर दिया है। पूरे गांव में इस समय शोक की लहर है। वहीं पुलिस का का कहना है की दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है। फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



