Nuh Mewat News: तावडू में सुरक्षा और भाईचारे के लिए सड़कों पर उतरी पुलिस, डीएसपी अभिमन्यु लोहान की अगुवाई में निकाला गया फ्लैग मार्च।
आगामी पावन त्योहार बकरा ईद (ईद-उल-अजहा) के मद्देनजर क्षेत्र में अमन-चैन, शांति और कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए तावडू पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है।
तावडू। आगामी पावन त्योहार बकरा ईद (ईद-उल-अजहा) के मद्देनजर क्षेत्र में अमन-चैन, शांति और कानून व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए तावडू पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। रविवार को डीएसपी अभिमन्यु लोहान की विशेष अगुवाई में पुलिस बल ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।

इस फ्लैग मार्च में डीएसपी अभिमन्यु लोहान के साथ सदर थाना प्रभारी (एसएचओ) शीशराम और सिटी थाना तावडू से सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार, कोरी चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार, सहित इआरवी डायल 112 सहित भारी पुलिस बल के साथ खुद मोर्चे पर डटे रहे। यह काफिला खंड के गांव सहसोला पट्टी, पीपाका, भूतलाका, घुसबैठी, धुलावट, रहाडी, खरखड़ी, सालाका, मालाका और शिकारपुर सहित कई गांवों से होकर गुजरा।
वहीं फ्लैग मार्च के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बेहद सूझबूझ और कड़े शब्दों में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि मेवात की धरती हमेशा से आपसी भाईचारे और कौमी एकता की मिसाल रही है। बकरा ईद का यह पवित्र त्योहार त्याग, समर्पण और खुशियों का संदेश देता है। हम सभी का यह फर्ज है कि इस परंपरा को बनाए रखें और मिलकर त्योहार की खुशियां बांटें।
डीएसपी साहब ने जागरूक करते हुए मुख्य रूप से साफ चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक, झूठी या धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली पोस्ट, वीडियो या अफवाहें शेयर न करें। अफवाह फैलाने वाले को किसी भी सूरत में बक्सा नहीं जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि सरकार और प्रशासन द्वारा कानूनन प्रतिबंधित किसी भी पशु की कुर्बानी न दी जाए। त्योहार को पूरी तरह कानूनी नियमों के दायरे में रहकर ही मनाएं।
उन्होंने कहा कि यदि कोई भी शरारती तत्व क्षेत्र का शांत माहौल बिगाड़ने या नफरत फैलाने की कोशिश करेगा, तो पुलिस उससे बेहद सख्ती से निपटेगी।
वहीं डीएसपी ने गांव के बुजुर्गों और प्रबुद्ध लोगों से अपील की कि वे अपने गांव के युवाओं का मार्गदर्शन करें, ताकि वे किसी के बहकावे में आकर कोई गलत कदम न उठाएं।
इस दौरान सदर थाना प्रभारी शीशराम और सिटी थाने से मौजूद रहे सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान पूरे उपमंडल में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पुलिस को अपना मित्र समझें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।
पुलिस की इस सतर्कता और डीएसपी साहब की सकारात्मक अपील का ग्रामीणों ने स्वागत किया और दोनों थानों के प्रभारियों व डीएसपी को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में बकरा ईद का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।




