Nuh Mewat News: बकरीद पर्व को लेकर एसपी ने धार्मिक गुरुओं संग बैठक कर शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील
आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए नूंह पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस रूम में जिले भर के मुस्लिम धार्मिक गुरुओं के साथ अहम बैठक की।
नूंह: आगामी 28 मई को मनाए जाने वाले ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए नूंह पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस रूम में जिले भर के मुस्लिम धार्मिक गुरुओं के साथ अहम बैठक की।
बैठक में एसपी ने सभी को बकरीद की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए समाज में भाईचारा और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बकरीद त्याग, सहिष्णुता और मानवता का संदेश देने वाला पवित्र पर्व है, जिसे सभी को मिल-जुलकर सौहार्द के साथ मनाना चाहिए।

कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर: डॉ. अर्पित जैन ने धार्मिक गुरुओं से आह्वान किया कि वे ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज से पहले लोगों को कानून का पालन करने, सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और शांति बनाए रखने के लिए जागरूक करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
अफवाहों से बचने की सलाह: एसपी ने खासतौर पर सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर चेताया और कहा कि किसी भी भ्रामक जानकारी को साझा करने से बचें। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
कुर्बानी को लेकर स्पष्ट निर्देश: बैठक में पशु कुर्बानी को लेकर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि कुर्बानी केवल निर्धारित स्थानों पर और नियमों के तहत ही की जाए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूरी तरह रोक रहेगी और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौतस्करी व अवैध गतिविधियों पर सख्ती: एसपी ने कहा कि कुछ लोगों की गलत हरकतों से पूरे मेवात की छवि खराब होती है। उन्होंने गौतस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए समाज के सहयोग को जरूरी बताया।
युवाओं को दी खास नसीहत: बैठक में युवाओं में बढ़ रही सामाजिक बुराइयों जैसे साइबर अपराध, नशा तस्करी, बाइक चोरी और खतरनाक स्टंट पर चिंता जताई गई। एसपी ने युवाओं से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि बकरीद के दौरान ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाना हादसों को न्योता देता है। उन्होंने अभिभावकों से भी इस दिशा में जागरूक रहने की अपील की।
धार्मिक गुरुओं ने दिया सहयोग का भरोसा: बैठक में उपस्थित मुस्लिम धार्मिक गुरुओं ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने, कानून व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से बकरीद मनाने का आश्वासन दिया।




