‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत की वीरता, रणनीतिक क्षमता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक : गौरव गौतम
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रथम वर्षगांठ पर शहीद हुए जांबाज सैनिकों को अर्पित की श्रद्धांजलि
हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रथम वर्षगांठ पर शहीद हुए जांबाज सैनिकों के शौर्य, पराक्रम और देश के लिए समर्पण को याद करते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि भारत की वीरता, रणनीतिक क्षमता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
पलवल: हरियाणा सरकार में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रथम वर्षगांठ पर शहीद हुए जांबाज सैनिकों के शौर्य, पराक्रम और देश के लिए समर्पण को याद करते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि भारत की वीरता, रणनीतिक क्षमता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। यह गाथा उन जांबाज सैनिकों के साहस, समर्पण और बलिदान की कहानी है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए हर चुनौती का डटकर सामना किया। उन्होंने कहा कि भारत की सेना ने हमेशा दुनिया को यह संदेश दिया है कि देश की सुरक्षा और सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने एक बार फिर भारत की सैन्य शक्ति, आधुनिक रणनीति और अदम्य साहस को विश्व पटल पर स्थापित किया है।

खेल राज्य मंत्री ने कहा कि हमारे वीर जवानों ने अपने पराक्रम से यह सिद्ध कर दिया कि भारत हर परिस्थिति में अपने नागरिकों और सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है। यह अभियान आने वाली पीढिय़ों को राष्ट्रभक्ति, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने पिछले वर्ष ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए पलवल के लांस नायक अमर शहीद दिनेश कुमार शर्मा की शहादत को नमन करते हुए भारत माता के वीर सपूत को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा देश के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव हम सभी को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने देश के वीर सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि पूरा राष्ट्र उनके साहस और बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत की वीरता, नारी शक्ति और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत प्रतीक बनकर उभरा है। इस अभियान के माध्यम से हमारी मातृशक्ति ने यह साबित कर दिया कि भारत की बेटियां और महिलाएं केवल परिवार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान की भी मजबूत ढाल हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाने वाली दो जांबाज महिला सैनिकों कर्नल सोफिया कुरैशी (भारतीय सेना) और विंग कमांडर व्योमिका सिंह (भारतीय वायुसेना) के देशभक्ति के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि आज भारत की यह बेटियां केवल घर में ही नहीं, बल्कि देश की सीमाओं और आसमान की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी पूरी मजबूती से निभा रही हैं।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि देश की महिलाओं का साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज पूरे देश के लिए प्रेरणा बना हुआ है। भारत की नारी शक्ति अब केवल घर तक सीमित नहीं, बल्कि हर क्षेत्र में देश का नेतृत्व कर रही है और राष्ट्र विरोधी ताकतों को करारा जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को सदैव राष्ट्रभक्ति, साहस और महिला सशक्तिकरण की ऐतिहासिक मिसाल के रूप में याद किया जाता रहेगा।

About The Author
संबंधित समाचार



