नगर परिषद की बैठक 43 प्रस्तावों पर हुई चर्चा, आधुनिक शहरी विकास पर दिया जोर
- चेयरमैन डॉ. यशपाल के नेतृत्व में संपन्न बैठक में विकास और व्यवस्था पर मजबूत पहल
नगर परिषद पलवल की बैठक बृहस्पतिवार को विश्राम गृह में संपन्न हुई। नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. यशपाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर के समग्र विकास, सार्वजनिक व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कुल 43 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
पलवल। नगर परिषद पलवल की बैठक बृहस्पतिवार को विश्राम गृह में संपन्न हुई। नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. यशपाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सकारात्मक वातावरण रहा। बैठक में शहर के समग्र विकास, सार्वजनिक व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कुल 43 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में आधुनिक शहरी ढांचे को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सार्वजनिक पुस्तकालय, एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, वरिष्ठ नागरिक क्लब, सखी निवास (वर्किंग वूमन हॉस्टल), मल्टीलेवल पार्किंग, रैन बसेरा, स्ट्रीट वेंडर्स के व्यवस्थित पुनर्वास, स्मार्ट बस शेल्टर, स्मार्ट वेस्ट बिन, वर्टिकल गार्डन, मियावाकी पद्धति से शहरी वन, जोहड़ों के पुनर्जीवन, ओपन एयर एम्फीथिएटर, ओपन जिम, डिजिटल प्रॉपर्टी प्लेट, क्विक रिस्पांस टीम, स्वागत द्वार, सामुदायिक भवन, वर्षा जल संचयन तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
इसी क्रम में सार्वजनिक स्थलों पर बनी अनधिकृत मजारों की पहचान कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई से संबंधित विषय पर भी सदन में विचार-विमर्श किया गया। लंबे समय से इस प्रकार के विषय को अत्यंत संवेदनशील माना जाता रहा है, किंतु डॉ. यशपाल ने जनहित एवं विधि व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए इस विषय पर चर्चा की पहल की। इसे सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण तथा व्यवस्थित शहरी प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसके अतिरिक्त ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के दृष्टिगत लाउडस्पीकर उपयोग को निर्धारित नियमों के अनुरूप विनियमित करने के विषय पर भी चर्चा की गई, जिससे विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, मरीजों एवं आम नागरिकों को संतुलित एवं शांत वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान यह भी रेखांकित किया गया कि नगर परिषद पलवल द्वारा विकास कार्यों के साथ पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं जनभागीदारी को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। डॉ. यशपाल ने कहा कि शहर के संतुलित एवं दीर्घकालिक विकास के लिए विधि सम्मत प्रक्रिया, प्रशासनिक समन्वय तथा सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखना आवश्यक है।
नगर परिषद पलवल शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं आधुनिक स्वरूप देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा सदन में प्राप्त सुझावों एवं विचारों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई नियमानुसार सुनिश्चित की जाएगी।




