Rewari News: जमीन के नाम पर फर्जी इकरारनामा बनाकर धोखाधड़ी करने व 05 मामलों में वांछित आदतन अपराधी गिरफ्तार
थाना बावल पुलिस ने एक शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। इस आरोपी की पहचान कमल सिंह, निवासी गांव सुबासेहड़ी, जिला रेवाड़ी के रूप में हुई है।
रेवाड़ी। थाना बावल पुलिस ने एक शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। इस आरोपी की पहचान कमल सिंह, निवासी गांव सुबासेहड़ी, जिला रेवाड़ी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पहले से ही 8 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें से 5 मामलों में पुलिस को इसकी सरगर्मी से तलाश थी।

जांचकर्ता अधिकारी पीएसआई अनिल ने बताया कि जुलाई 2025 में शिकायतकर्ता हर्ष (निवासी गांव शाहपुरा) और रणजीत सिंह (निवासी गांव बावल) ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि आरोपी कमल सिंह ने उन्हें जमीन बेचने का झांसा दिया था। इसके बाद आरोपी ने एक फर्जी इकरारनामा तैयार कर उनके साथ धोखाधड़ी की। जब पीड़ितों ने अपना पैसा या जमीन मांगी, तो आरोपी ने स्पष्ट इंकार करते हुए कहा कि उन्हें ना तो जमीन मिलेगी और ना ही पैसे।
इस शिकायत के आधार पर थाना बावल पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस टीम ने सुराग जुटाते हुए गत शनिवार को इस मामले में संलिप्त आरोपी कमल सिंह को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी कमल सिंह एक आदतन अपराधी है। थाना बावल में इसके खिलाफ पूर्व में ही 08 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें धोखाधड़ी, नकली सिक्कों का आयात-निर्यात, सरकार द्वारा लगाए गए भूमि चिन्हों को नष्ट करना व तेज व लापरवाही से वाहन चलाना जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, गिरफ्तार आरोपी कमल सिंह को माननीय अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेशानुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



