आदमपुर में भव्य की ‘मनोहर’ जीत

मुख्यमंत्री मनोहर के मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के कुशल नेतृत्व में चुनाव प्रबंधन में लगी भाजपा की एक मजबूत टीम ने समय रहते चुनाव को अपने हाथ में लिया

Created By : ashok on :07-11-2022 14:25:01 भव्य बिश्नोई खबर सुनें

मुख्यमंत्री मनोहर लाल और ओमप्रकाश धनखड़ की रणनीति के आगे कांग्रेस, आप और इनेलो ढ़ेर

प्रवेश चौहान, देश रोजाना
चंडीगढ़। कांग्रेस के गढ़ कहे जाने वाले आदमपुर विधानसभा में आखिरकार पहली बार उपचुनाव के जरिए भाजपा का कमल खिल ही गया। भाजपा की इस जीत के मायने इसलिए भी है कि कांग्रेस से भाजपा में पहुंचे कुलदीप बिश्नोई के विरोध की बातें क्षेत्र में खुले रूप से सुनी और महसूस की जा रही थी। ऐसे में भाजपा ने चुनाव की बागडोर पूरी तरह से अपने हाथ में नहीं ली होती तो रिजल्ट कुछ भी हो सकता था। मुख्यमंत्री मनोहर के मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के कुशल नेतृत्व में चुनाव प्रबंधन में लगी भाजपा की एक मजबूत टीम ने समय रहते चुनाव को अपने हाथ में लिया और भव्य बिश्नोई को कुशल प्रबंधन के दम पर जीत दिलाकर पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल एवं कुलदीप बिश्नोई की साख को बचा लिया।
प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जहां विधानसभा में एक रणनीति के तहत प्रचार के लिए भाजपा के नेताओं को चुनावी रण में उतारा, तो खुद भी एक रणनीति के तहत आदमपुर में जनता के बीच पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष ने दो दिन तक आधा दर्जन सभाएं करके विधानसभा के उन गांवों में बीजेपी के पक्ष में हवा बनाने में सफलता पाई, जहां जाट वोट कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में एकजुट होते दिखाई दे रहे थे, लेकिन कांग्रेस के इस ध्रुवीकरण की कोशिश की हवा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, चुनाव प्रभारी बनाए गए कृषि मंत्री जेपी दलाल, सुभाष बराला एवं भाजपा के अन्य जाट नेताओं ने निकाल दी।
इसी तरह प्रचार के अंतिम दिन एक नवंबर को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आदमपुर मंडी में एक विशाल जनसभा के दौरान यह कहकर जीत पर लगभग मोहर लगा दी थी कि भव्य को जिताकर भेजो, बाकी काम मुझ पर छोड़ो। मुख्यमंत्री की इस अपील ने कुलदीप बिश्नोई के विरोध में चल रही हवा को ठंडा कर दिया। दलितों के भाजपा के विरोध में होने की अफवाह भी कांग्रेस द्वारा एक रणनीति के तहत फैलाई गई, लेकिन भाजपा ने इसका जवाब भाजपा ने अपने नेता रणबीर गंगवा और राज्य सभा सांसद कृष्ण लाल पंवार बनाया। इन दोनों नेताओं ने रात दिन यहां मेहनत की और स्थिति को भाजपा के फेवर में बना दिया।
भाजपा के कुशल प्रबंधन के कारण भाजपा ने 16606 वोटों से एक करारी शिकस्त कांग्रेस, इनेलो और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार को दी। यहां तक की इनेलो और आप के प्रत्याशी तो अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए।
इस जीत को 2024 के परिप्रेक्ष्य में देखें तो भाजपा के लिए ये जीत सुखद परिणाम देने वाली है। जीत के बाद भाजपा कार्यकतार्ओं ने न केवल आदमपुर व हिसार बल्कि प्रदेशभर में जश्न मनाया और इस जीत को 2024 में पार्टी के तीसरी बार जीत के आगाज के रूप में बताकर एक-दूसरे को बधाई दी।

Share On