Faridabad News : अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ एवं DUCAT फरीदाबाद के बीच MOU, विद्यार्थियों को मिलेंगे प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप के अवसर
विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, कौशल आधारित एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने तथा उद्योग एवं अकादमिक जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ ने DUCAT फरीदाबाद के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए।
विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, कौशल आधारित एवं रोजगारपरक शिक्षा प्रदान करने तथा उद्योग एवं अकादमिक जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ ने DUCAT फरीदाबाद के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। 
यह समझौता विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी प्रशिक्षण, उद्योग जगत से परिचय तथा करियर विकास के लिए नए अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से किया गया है। MOU पर अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सी. एस. वशिष्ठ तथा DUCAT फरीदाबाद के शाखा प्रबंधक श्री राहुल ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर कॉलेज के कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. विनीत नागपाल तथा DUCAT की मार्केटिंग मैनेजर सुश्री तनिशा गोहर भी उपस्थित रहीं।
इस सहयोग का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक एवं उद्योग आधारित अनुभव प्रदान करना है। समझौते के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए औद्योगिक भ्रमण, कार्यशालाएं, सेमिनार, तकनीकी एवं कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा इंटर्नशिप आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी उद्योग जगत की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीकों तथा वर्तमान रोजगार बाजार की आवश्यकताओं से परिचित हो सकेंगे। डुकैट के विशेषज्ञों द्वारा आयोजित प्रशिक्षण एवं कार्यशालाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को नवीन तकनीकों और उद्योग में हो रहे निरंतर बदलावों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, तकनीकी ज्ञान के अतिरिक्त विद्यार्थियों में व्यावसायिक दक्षता, संचार कौशल, समस्या समाधान क्षमता, टीमवर्क तथा कार्यस्थल से संबंधित आवश्यक कौशल विकसित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा। एमओयू का एक महत्वपूर्ण पहलू विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराना है। इंटर्नशिप के माध्यम से विद्यार्थी वास्तविक कार्य वातावरण को समझ सकेंगे और अपने शैक्षणिक ज्ञान को व्यावहारिक परिस्थितियों में लागू करने का अनुभव प्राप्त करेंगे। इससे विद्यार्थियों को भविष्य की नौकरी एवं व्यावसायिक जीवन के लिए बेहतर तैयारी करने में सहायता मिलेगी। इस समझौते के अंतर्गत विद्यार्थियों के साथ-साथ फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP), प्रशिक्षण एवं व्यावसायिक उन्नयन कार्यक्रम आयोजित करने की भी संभावनाएं हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कॉलेज के शिक्षकों को उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद करने तथा नवीन तकनीकों, उद्योग की बदलती आवश्यकताओं और आधुनिक कार्यप्रणालियों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इस प्रकार यह सहयोग विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों के व्यावसायिक विकास में भी सहायक होगा। इस अवसर पर डॉ. सी. एस. वशिष्ठ, कार्यवाहक प्राचार्य, अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़, ने कहा कि वर्तमान समय में उच्च शिक्षा संस्थानों और उद्योग जगत के बीच मजबूत संबंध अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक अनुभव और उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि DUCAT के साथ यह सहयोग विद्यार्थियों के कौशल विकास, रोजगार क्षमता एवं करियर निर्माण की दिशा में उपयोगी सिद्ध होगा। DUCAT के प्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों के कौशल विकास और उद्योग उन्मुख प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के लिए सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। सेमिनार, कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विशेषज्ञों के साथ संवाद करने तथा अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने के अवसर मिलेंगे। यह MOU अनुभवात्मक शिक्षा, कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं व्यावसायिक विकास के लिए एक व्यवस्थित मंच तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी एवं रोजगार परिदृश्य की आवश्यकताओं को समझने में सहायता मिलेगी। अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ विद्यार्थियों को समग्र, कौशल आधारित एवं उद्योग-प्रासंगिक शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। DUCAT फरीदाबाद के साथ यह सहयोग विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान, रोजगारपरक कौशल एवं करियर के प्रति जागरूकता विकसित करने की दिशा में कॉलेज के प्रयासों को और मजबूत करेगा।




