Palwal News : पुण्यश्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर मार्ग नामकरण पर आयोजित हुई धन्यवाद सभा
सडक़, ड्रेनेज, अस्पताल, स्टेडियम और लाइब्रेरी निर्माण की दी जानकारी
शहर पलवल में किठवाड़ी चौक से मैन बाजार रोड का नाम लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर जी के नाम पर देवी अहिल्याबाई होल्कर मार्ग किए जाने पर रविवार को आयोजित धन्यवाद सभा में हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने क्षेत्रवासियों एवं सम्मानित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
पलवल। शहर पलवल में किठवाड़ी चौक से मैन बाजार रोड का नाम लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर जी के नाम पर देवी अहिल्याबाई होल्कर मार्ग किए जाने पर रविवार को आयोजित धन्यवाद सभा में हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने क्षेत्रवासियों एवं सम्मानित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। 
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने अपने आदर्श नेतृत्व, धर्म, सेवा और जनकल्याण के कार्यों से भारतीय संस्कृति को नई पहचान दी। उनके नाम पर मार्ग का नामकरण भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और गौरवशाली विरासत का सम्मान है। खेल राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सेनी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में महान विभूतियों के सम्मान और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। पलवल में होंगे करोड़ों रुपये के विकास कार्य, सडक़, ड्रेनेज, अस्पताल, स्टेडियम और लाइब्रेरी निर्माण की दी जानकारी सभा को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर चौक के आसपास जल्द ही एक भव्य स्मृति पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र की सडक़ निर्माण परियोजना तथा लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से ड्रेनेज सिस्टम को सुदृढ़ करने का कार्य भी शीघ्र प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि आगरा चौक से हुडा चौक, शेखपुरा से लाइनपार क्षेत्र तक करोड़ों रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। जिन क्षेत्रों में वर्षों से सडक़ें और मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंच पाई थीं, वहां अब तेजी से कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी पांच वर्षों तक पलवल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गति नहीं रुकेगी। शहर में अस्पताल, सडक़ें, स्टेडियम, लाइब्रेरी, कम्युनिटी सेंटर, पीएचसी सेंटर, ड्रेनेज सिस्टम, फायर ब्रिगेड भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण कार्य लगातार जारी रहेंगे। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि पलवल को विकास और सकारात्मक पहचान के साथ आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और आशीर्वाद से ही वे विकास कार्यों को गति दे पा रहे हैं और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर शहर के विकास को नई दिशा दी जाएगी तथा पलवल को प्रदेश के अग्रणी शहरों में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर नगर परिषद पलवल के चेयरमैन डा. यशपाल ने खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम का स्वागत करते हुए कहा कि नगर परिषद द्वारा देवी अहिल्याबाई होल्कर जी के सम्मान में मार्ग का प्रस्ताव पारित किया गया है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास में सभी समाजों की सहभागिता सुनिश्चित करना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जानकारी दी कि देवी अहिल्याबाई होल्कर जी की जयंती (31 मई) से पूर्व ही विकास कार्यों की कड़ी में इस मार्ग का नाम पुण्यश्लोका लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर रखा गया है। इस अवसर पर नगर परिषद पलवल के वाइस चेयरमैन मनोज कुमार बंधु, कर्मवीर दलाल, हरकिशन तेवतिया, विनोद, शहर के पार्षद सहित गणमान्य नागरिक एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।




