Faridabad News : नगर निगम में दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने जरूरतमंदों को वितरित किए सहायक उपकरण, लगभग 200 लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
नगर निगम फरीदाबाद द्वारा भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच (हेल्थ चेकअप), सहायक उपकरण मूल्यांकन एवं वितरण शिविर का आयोजन किया गया।
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच (हेल्थ चेकअप), सहायक उपकरण मूल्यांकन एवं वितरण शिविर का आयोजन किया गया। नगर निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल (कमरा नंबर-100) में आयोजित इस शिविर में लगभग 200 नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच करवाई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। 
कार्यक्रम में उपस्थित महापौर ने लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद नागरिकों और दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य सेवाएं एवं आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें काफी सुविधा मिल रही है।
यह विशेष शिविर ALIMCO एवं डॉ. सूर्य प्रकाश आरोग्य केंद्र के सहयोग से ADIP Scheme तथा आरवीपी स्कीम के अंतर्गत आयोजित किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाना तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना था। शिविर में लाभार्थियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें आंख जांच, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच शामिल रहीं। इसके अतिरिक्त दृष्टि जांच कर आवश्यकता अनुसार चश्मे उपलब्ध कराए गए तथा सुनने में समस्या वाले व्यक्तियों के लिए हियरिंग एड (सुनने की मशीन) हेतु मूल्यांकन किया गया।
इस अवसर पर जरूरतमंद नागरिकों को छड़ी, चश्मे, कमर बेल्ट, टॉयलेट सीट, बैसाखियां तथा अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। वहीं 7 पात्र लाभार्थियों को व्हीलचेयर भी प्रदान की गई। इसके अलावा व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरणों के लिए पात्र नागरिकों के आवेदन भी प्राप्त किए गए। महापौर ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे, इसके लिए नगर निगम लगातार प्रयासरत है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और जरूरतमंद व्यक्तियों को भी इनके बारे में जानकारी दें। महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने प्रशासन ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी संस्थानों, चिकित्सकों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी शिविर आयोजित किए जाने की बात कही। इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम डॉo नीतीश परवाल,निगम सचिव अनिल यादव,नॉमिनेट पार्षद जसवंत सैनी, पार्षद मनोज नास्वा,सफाई निरीक्षक मुख्यालय बिशन तेवतिया, पीआरओ जोगेंद्र रावत, सफाई निरीक्षक हरवीर रावत सहित डॉक्टर की टीम और निगम के कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



