डिजिटल भूमि रिकॉर्ड सर्वे में निगम ने मांगा लोगों का सहयोग -- - निगम क्षेत्र की प्रत्येक प्रॉपर्टी का तैयार होगा डिजिटल डेटा
राइट्स ऑफ लैंड रिकॉर्ड से आमजन को होगी सहूलियत - केंद्र सरकार के ‘नक्शा‘ पायलट प्रोजेक्ट के तहत हो रहा सर्वे
नक्शा प्रोजेक्ट के तहत निगम क्षेत्र की निजी, सरकारी सभी भूमि का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। लैंड सर्वे में जिला राजस्व विभाग का सहयोग भी लिया जा रहा है।
गुरुग्राम:मानेसर नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने निगम क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम के तहत भू-मालिकों की सटीक पहचान करने के लिए केंद्र सरकार के नक्शा प्रोजेक्ट के अंतर्गत निगम क्षेत्र में जमीन का सर्वे करवाया जा रहा है। निगम की सर्वे टीम का सहयोग करें। निगम क्षेत्र के गांवों में सर्वे की शुरूआत हो चुकी है। नक्शा प्रोजेक्ट के तहत निगम क्षेत्र की निजी, सरकारी सभी भूमि का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। लैंड सर्वे में जिला राजस्व विभाग का सहयोग भी लिया जा रहा है।
गुरुवार को आयुक्त प्रदीप सिंह ने नगर निगम की जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम के साथ सर्वे के कार्य को लेकर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान सर्वे टीम ने बताया कि निगम क्षेत्र के गांवों में सर्वे चल रहा है। गांवों में जमीन, प्लाट के मालिकों से सहयोग मिल रहा है। जल्द ही आईएमटी मानेसर के औद्योगिक क्षेत्र का सर्वे शुरू कर दिया जाएगा। आयुक्त ने सर्वे रिपोर्ट की बारीकी से समीक्षा करते हुए कहा कि काम में तेजी लाएं। निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड में सर्वे करने वाली टीम के साथ समन्वय बनाए और सुनिश्चित करें कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। अगले 10 दिनों में टीम के कामों की दोबारा समीक्षा की जाएगी।
निगम के डीटीपी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत निगम क्षेत्र की पूरी भूमि का सर्वे किया जा रहा है। भू-मालिकों से भूमि के दस्तावेज, मालिकों का ब्यौरा लिया जा रहा है। सर्वे का उद्देश्य भूमि संबंधी प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाना है। आमजन को अपनी संपत्ति की सटीक जानकारी डिजीटल माध्यम से उपलब्ध होगी। सर्वे पूरा होने पर संपत्ति विवादों, अवैध कब्जों पर रोक और भूमि स्वामित्व की पहचान आसानी से हो सकेगी। ड्रोन,रोवर और अन्य तकनीकी साधनों से जमीन का सर्वे किया जा रहा है। डिजिटल नक्शे बनाए जाएंगे। हरियाणा में मानेसर, पंचकूला नगर निगम और नारनौल नगर परिषद से इसकी शुरुआत की गई है। इस योजना का सीधा लाभ आमजन को मिलेगा। शहरी भूमि प्रबंधन से जनता में विश्वास बढ़ेगा और बुनियादी ढांचे को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार, एसडीओ प्लानिंग संजोग शर्मा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



