Nuh/ mewat news: केएमपी एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, एक्सीडेंट कॉल अटेंड कर रही पुलिस ईआरवी को ट्रक ने मारी टक्कर, कांस्टेबल बलवान की मौत
जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। थाना रोजका मेव क्षेत्र में गांव खेड़ा खलीलपुर पार्किंग के पास एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंची पुलिस इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कांस्टेबल बलवान की मौत हो गई, जबकि ईएचसी ओम प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।
नूंह: जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। थाना रोजका मेव क्षेत्र में गांव खेड़ा खलीलपुर पार्किंग के पास एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंची पुलिस इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कांस्टेबल बलवान की मौत हो गई, जबकि ईएचसी ओम प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ईआरवी में तैनात पुलिस स्टाफ एक्सप्रेसवे पर एक सड़क दुर्घटना की कॉल अटेंड कर रहा था। इसी दौरान पलवल की ओर जा रहे एक वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने के बाद पीछे से आ रहे ट्रक ने पुलिस वाहन और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कांस्टेबल बलवान दो वाहनों के बीच फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल ईएचसी ओम प्रकाश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उन्हें नलहड़ अस्पताल से बेहतर उपचार के लिए मेदांता अस्पताल गुरुग्राम रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही थाना रोजका मेव प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल बलवान को हाइड्रा क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों के नीचे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

नूंह पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि मृतक कांस्टेबल बलवान वर्ष 2019 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे और वह एक्स-सर्विसमैन थे। 4 जनवरी 2024 से वह रोजका मेव थाना क्षेत्र की ईआरवी- 494 पर तैनात थे। उनकी उम्र 55 वर्ष थी। कांस्टेबल बलवान जिला झज्जर के थाना सालावास क्षेत्र के गांव धनीरवास के निवासी थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने घायल जवान के बेहतर इलाज और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। साथ ही मृतक कांस्टेबल के परिजनों को भी प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में संबंधित वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि केएमपी एक्सप्रेसवे पर बीते 5 मई को भी इसी प्रकार का बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस के चार जवानों समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों ने एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की निगरानी और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




