“पहले मतदान, फिर जलपान”, भाजपा की जीत से बनेगी ट्रिपल इंजन सरकार

बिना पर्ची खर्ची के युवाओं को दी नौकरी, माजरा एम्स में ओपीडी जल्द होंगी शुरू

Desh Rojana
On

नगर परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को प्रचार अभियान तेज कर दिया। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने वार्ड नंबर-11 स्थित प्रकाश वाटिका में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा चेयरपर्सन प्रत्याशी विनीता पीपल और वार्ड पार्षद उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील की।

रेवाड़ी: नगर परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को प्रचार अभियान तेज कर दिया। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने वार्ड नंबर-11 स्थित प्रकाश वाटिका में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा चेयरपर्सन प्रत्याशी विनीता पीपल और वार्ड पार्षद उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील की।
सभा को संबोधित करते हुए आरती राव ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया और कहा कि “पहले मतदान, फिर जलपान” का संदेश हर घर तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश में पारदर्शी शासन देते हुए बिना पर्ची-खर्ची युवाओं को नौकरियां देने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितकारी नीतियों से हर वर्ग को फायदा मिला है। अब नगर परिषद में भाजपा की जीत के बाद रेवाड़ी में ट्रिपल इंजन सरकार बनने से विकास कार्यों को और गति मिलेगी।

WhatsApp Image 2026-05-09 at 12.11.08 AM
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव का स्वागत करती महिलाएं।


आरती राव ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े सुधार किए हैं। जिला अस्पतालों में सीटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और हेल्थ एटीएम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। उन्होंने बताया कि दक्षिणी हरियाणा के लिए माजरा में लगभग 1300 करोड़ रुपये की लागत से एम्स का निर्माण कार्य चल रहा है, जो क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। आरती राव ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से बातचीत हुई है जल्द ही माजरा एम्स में ओपीडी शुरू होने की उम्मीद है।
उन्होंने रेवाड़ी बाईपास, आधुनिक बस स्टैंड, भाड़ावास फ्लाईओवर और मसानी बैराज जैसी विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने विकास को धरातल पर उतारने का काम किया है।
अंत में उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि शहर में सफाई व्यवस्था, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और आने वाले समय में दक्षिणी हरियाणा विकास का नया केंद्र बनेगा। 
इस मौके पर रेवाड़ी से विधायक लक्ष्मण सिंह, चैयरमेन प्रत्याशी विनीता पीपल, गुरदयाल नम्बरदार, अजय पटोदा, शशिबाला पूर्व प्रमुख, नीतू चौधरी प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, आशा माखीजा शक्ति केंद्र प्रमुख, सुरेंद्र आर डब्लू ए प्रधान, पिंकी यादव और सम्मानित पूर्व सैनिक विजय नगर आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad