Nuh Mewat News: मंत्री विपुल गोयल ने जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में सुनी 14 शिकायतें
जिला शिक्षा अधिकारी को जिले के सभी विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण कर जिनमें विद्यालयों पर अवैध कब्जे, चारदीवारी का अभाव, विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनें, ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा आदि की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश
हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
नूंह: हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति की बैठकों में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंत्री विपुल गोयल ने कुल 14 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें चार पुरानी तथा 10 नई शिकायतें शामिल थीं। बैठक के दौरान 11 शिकायतों का समाधान कर दिया गया, जबकि तीन मामलों को आवश्यक कार्रवाई एवं प्रगति रिपोर्ट के लिए अगली बैठक तक स्थगित किया गया।
उन्होंने बताया कि दो मामले जिनमें में एक रजनी पुत्री मनीराम निवासी वार्ड नंबर 8 तावडू से संबंधित है इनकी शिकायत थी कि इनके पिताजी को किसी ने जहर जहर पिला दिया जिसे उनके आकस्मिक मृत्यु हो गई इस पर एसडीएम डीएसपी व सीएमओ की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई है जो कि अगले 10 दिन के अंदर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे तथा दूसरे मामले में मनीषा पत्नी वसीम अकरम निवासी गांव रसूलपुर की शिकायत की तीन मटक वन स्टॉप सेंटर में रहने के दौरान नॉन स्टॉप सेंटर के कर्मचारियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार तथा छेड़छाड़ के आरोप लगाने पर डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी बनाकर जांच के आदेश दिए हैं जो कि एसडीएम को जांच कर रिपोर्ट सौंपेंगे तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न शिकायतों पर गंभीरता से विचार करते हुए मंत्री ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को जिले के सभी विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक माह के भीतर ऐसी सभी समस्याओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, जिनमें विद्यालयों पर अवैध कब्जे, चारदीवारी का अभाव, विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनें, ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा अथवा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कमियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी किसी विभाग से अनुमति, तकनीकी स्वीकृति या लागत अनुमान की आवश्यकता होगी, उसकी प्रक्रिया पूरी कर विकास कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जाएगा।
गांव रीगढ़ में तस्लीम खान पुत्र श्री मुबारिक की शिकायत दूषित पानी के कारण कैंसर फैलने संबंधी शिकायत पर मंत्री ने बताया कि संबंधित गांव में पेयजल के नमूनों की वैज्ञानिक जांच कराई गई। ट्यूबवेल एवं अन्य जल स्रोतों के नमूनों में कोई अनियमितता नहीं मिली। इसके अलावा कैंसर की आशंका वाले 62 लोगों की स्वास्थ्य जांच भी कराई गई, जिसमें किसी भी व्यक्ति में कैंसर संबंधी लक्षण नहीं पाए गए। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी बीमारी के अनेक कारण हो सकते हैं तथा राज्य सरकार इस विषय को लेकर पूरी तरह गंभीर है और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री ने कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की कोई नई शिकायत या तथ्य सामने आते हैं तो उन्हें लिखित रूप में प्रस्तुत किया जाए, ताकि निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की तैनाती तथा प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी संबंधी मुद्दा भी उठा। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को चिकित्सकों का युक्तिसंगत पुनर्विन्यास (रैशनलाइजेशन) करने के निर्देश दिए, ताकि मेडिकल कॉलेज में उपचार व्यवस्था प्रभावित न हो और प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी पर्याप्त चिकित्सक उपलब्ध रहें।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता है। इस संबंध में मुख्यमंत्री से चर्चा कर अस्पताल में बैडों की संख्या बढ़ाने तथा आवश्यकतानुसार अस्पताल के विस्तार की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
इस बैठक में सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, नूंह के विधायक आफताब अहमद, फिरोजपुर झिरका के विधायक माम्मन खान, जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, नगर परिषद नूंह के चेयरमैन संजय मनोचा, नगर पालिका फिरोजपुर झिरका के चेयरमैन मनीष जैन, उपायुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, सहायक पुलिस अधीक्षक वाईवीआर शशि शेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, जिला नगर आयुक्त दलबीर सिंह, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण, एसडीएम तावडू जितेंद्र कुमार, एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार, सचिव आरटीए मुनीष सहगल, फिरोजपुर झिरका से पूर्व विधायक नसीम अहमद, गौ सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानीराम मंगला, निशा सैनी, अंशुल सैनी सहित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



