Palwal News : स्वास्थ्य सेवाओं व सुविधाओं की समयबद्ध डिलीवरी में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : उपायुक्त
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने नागरिक अस्पताल का निरीक्षण कर लिया व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं व सुविधाओं की समयबद्ध डिलीवरी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों व उनके साथ आने वाले परिजनों को एकदम स्वच्छ व साफ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
पलवल। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं व सुविधाओं की समयबद्ध डिलीवरी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों व उनके साथ आने वाले परिजनों को एकदम स्वच्छ व साफ वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बेड की चादर को प्रतिदिन बदला जाए और पूरे अस्पताल में अंदर-बाहर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन समिति यह सुनिश्चित करें कि मरीजों व अन्य नागरिकों को अस्पताल में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बुधवार को जिला नागरिक अस्पताल पलवल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लेने उपरांत आयोजित बैठक में सीएमओ सहित अन्य चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में मरीजों को सभी सुविधाएं मिलें, दवाईयों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, मरीजों को बेहतर इलाज दिया जाए तथा मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न आने दी जाए। चिकित्सक मरीजों से सौम्य और मधुर व्यवहार करें और ‘नर सेवा नारायण सेवा’ को अपना ध्येय बनाकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने निरीक्षण के दौरान नागरिक अस्पताल में आपातकालीन सेवाएं, अस्पताल की साफ-सफाई, आईसीयू, ओपीडी, ब्लड बैंक, सीटी स्कैन रूम, अन्नपूर्णा रसोई, फिजियोथेरेपी, डीईआईसी, काउंसलिंग रूम, जच्चा-बच्चा वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, आयुष विभाग सहित वन स्टॉप सेंटर की व्यवस्थाओं की गहनता से जांच करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पलवल के नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीजों को स्वच्छ वातावरण में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाए ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशान न आए। उन्होंने मरीजों का कुशलक्षेम पूछते हुए अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों की ओपीडी स्लिप की भी जांच की।
उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सतेंद्र वशिष्ठ को निर्देश दिए कि चिकित्सक व कर्मचारी सक्षम अधिकारी से अपना अवकाश स्वीकृत करवाने उपरांत ही छुट्टी पर जाएं ताकि अस्पताल में मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि औषधि केंद्र पर उपलब्ध सभी दवाइयों की लिस्ट भी सार्वजनिक तौर पर चस्पा की जाए, जिससे मरीजों को दवा लेने में कठिनाई न हो। इस अवसर पर उप सिविल सर्जन डा. रामेश्वरी देवी सहित अस्पताल के चिकित्सक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



