Mewat/Tawdu News: तावडू सदर थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, अपहृत युवक को सकुशल छुड़ाया
सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि धारूहेड़ा क्षेत्र से एक युवक का अपहरण कर उसे मारुति स्विफ्ट कार में बैठाकर तावडू की ओर ले जाया जा रहा है।
तावडू। सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह कंट्रोल रूम को सूचना प्राप्त हुई कि धारूहेड़ा क्षेत्र से एक युवक का अपहरण कर उसे मारुति स्विफ्ट कार में बैठाकर तावडू की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना सदर तावडू की ईआरवी टीम और थाना प्रभारी की मोबाइल यूनिट सक्रिय हो गई तथा संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी गई।

पुलिस को रेवाड़ी पुलिस से भी युवक की लाइव लोकेशन संबंधी जानकारी प्राप्त हुई, जिसके आधार पर संयुक्त रूप से कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक भिवाड़ी स्थित एक कंपनी में कार्यरत है। कंपनी की बस उसे धारूहेड़ा बस स्टैंड पर छोड़कर गई थी, जहां अज्ञात बदमाशों ने उसे जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया। युवक के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसके मोबाइल की तकनीकी लोकेशन ट्रैक की, जिससे पता चला कि उसे लगातार एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा है। इसके बाद परिजनों ने रेवाड़ी पुलिस को सूचना दी।
सूचना के आधार पर तावडू सदर थाना पुलिस ने गांव सीलखो के निकट घेराबंदी की और संदिग्ध स्विफ्ट कार का पीछा करते हुए उसे कवर कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण उनकी कार असंतुलित होकर एक दीवार से टकरा गई। मौके का फायदा उठाकर बदमाश फरार होने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया।
बरामद युवक को सुरक्षित अवस्था में धारूहेड़ा पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं घटनास्थल से मिली मारुति स्विफ्ट कार को भी कब्जे में लेकर आगे की जांच के लिए धारूहेड़ा पुलिस को सौंप दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और संबंधित पुलिस टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



