Rewari News: हंस नगर विस्फोट : भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली पीड़ित परिवार के साथ डीसी से मिली
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता की लगाई गुहार
स्थानीय हंस नगर में कुछ दिन पूर्व हुए दर्दनाक विस्फोट में पूर्व सैनिक पिता और उनकी विवाह योग्य बेटी की दुखद मृत्यु के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने संबंधित वार्ड 22 के नगर पार्षद देवेंद्र शर्मा तथा पीड़ित परिजनों के साथ डीसी अभिषेक मीणा से मुलाकात की
रेवाड़ी। स्थानीय हंस नगर में कुछ दिन पूर्व हुए दर्दनाक विस्फोट में पूर्व सैनिक पिता और उनकी विवाह योग्य बेटी की दुखद मृत्यु के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने संबंधित वार्ड 22 के नगर पार्षद देवेंद्र शर्मा तथा पीड़ित परिजनों के साथ डीसी अभिषेक मीणा से मुलाकात की और पीड़ित परिवार को राहत देने वाली कुछ प्रमुख मांगों को सरकार से जल्द पूरा कराए जाने की गुहार लगाई।

डॉ. वंदना ने कहा कि इस दुखद घटना की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने और इस जांच में किसी की भी लापरवाही पाए जाने पर उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हरसंभव आर्थिक एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह करते हुए कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन और सरकार को परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा होना चाहिए।
इसके साथ ही हंस नगर के निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कॉलोनी में सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच, संभावित जोखिमों का आकलन तथा भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।
उपायुक्त ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से उपलब्ध सभी संभव सहायता प्रदान करने के आदेश दिए तथा आश्वासन दिया कि हंस नगर में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के लिए भी उचित कदम उठाए जाएंगे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



