Kaithal News: अंत्योदय मेले में पात्र परिवारों की अधिक से अधिक भागीदारी की जाए सुनिश्चित : एसडीएम यादव
26 जुलाई को चीका में लगेगा मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना मेला
गुहल एसडीएम मनीष कुमार यादव ने कहा कि अंत्योदय परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 26 जुलाई को चीका में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में आयोजित होगा।
गुहला चीका। गुहल एसडीएम मनीष कुमार यादव ने कहा कि अंत्योदय परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 26 जुलाई को चीका में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में आयोजित होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे मेले की तैयारियां समय रहते पूरी करें तथा मेले में पात्र परिवारों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए और उनसे संपर्क करके उन्हें मेले में आने के लिए प्रेरित भी किया जाए।
एसडीएम यादव मंगलवार को मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। इससे पहले चंडीगढ़ से वीसी के माध्यम से योजना से संबंधित दिशा-निर्देशों तथा मोबाइल एप की भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि मेले के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके। यादव ने कहा कि सभी संबंधित विभागों के अधिकारी अपनी-अपनी योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री एवं दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय पर पहुंचे। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। एसडीएम मनीष यादव ने अंत्योदय परिवारों से अपील करते हुए कहा कि वे 26 जुलाई को आयोजित मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना मेले में पहुंचकर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी अमितेंद्र श्योकंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कालिंग टीमें करेंगी प्रत्येक पात्र परिवार से संपर्क:
एसडीएम यादव ने कहा कि मेले में अधिक से अधिक लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष कालिंग टीमों का गठन किया जाए। प्रत्येक विभाग से एक कर्मचारी को इस कार्य में लगाया जाए। वह पात्र परिवार से संपर्क कर मेले की तिथि, स्थान, आवश्यक दस्तावेजों तथा उपलब्ध योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें मेले में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी अनेक सरकारी सेवाएं:
उन्होंने बताया कि मेले में कृषि, पशुपालन, कौशल विकास, समाज कल्याण व श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए जाएंगे। इन स्टालों पर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। मेले में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे, जो स्वरोजगार एवं ऋण संबंधी योजनाओं की जानकारी देंगे तथा पात्र लाभार्थियों को ऋण प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करेंगे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



