एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए अभिभावकों को करें प्रेरित : डीसी
-जिले में लक्ष्य हासिल करने के लिए अध्यापक अभिभावकों को तथा चिकित्सक स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले लोगों को करें जागरूक -24 अप्रैल को मनाया जाएगा मेगा टीकाकरण दिवस
डीसी अपराजिता ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर को रोकने में अहम भूमिका निभाता है। भारत सरकार द्वारा टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। जिसमें चौदह साल की उम्र पूरी कर चुकी और पंद्रह साल की उम्र पूरी होने से पहले यह टीका लगाया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में उसे सर्वाइकल कैंसर न हो।
कैथल: डीसी अपराजिता ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर को रोकने में अहम भूमिका निभाता है। भारत सरकार द्वारा टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। जिसमें चौदह साल की उम्र पूरी कर चुकी और पंद्रह साल की उम्र पूरी होने से पहले यह टीका लगाया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में उसे सर्वाइकल कैंसर न हो।
डीसी अपराजिता वीरवार को वीसी रूम में स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दे रहीं थीं। इससे पूर्व हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने टीकाकरण अभियान की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। डीसी अपराजिता ने कहा कि जिले भर में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया जाए। इस वैक्सीन को लेकर अभिभावकों में जो भी आशंकाएं हैं, उन्हें दूर किया जाए। पंचायतों में विशेष अभियान चलाएं। सभी अध्यापक अपने-अपने स्तर पर महिलाओं को इस संबंध में जागरूक करें। अभियान की सफलता के लिए सामाजिक भागीदारी बहुत जरूरी है। साथ ही पीएचसी, सीएचसी या जिला अस्पताल में चिकित्सक लोगों को जागरूक करें और बताएं कि इस टीके का कोई नुकसान नहीं है बल्कि यह सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार अभियान में निर्धारित लक्ष्य को पूरा करें। डीसी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यह टीका बहुत ही सुरक्षित है, इसलिए वे बिना किसी शंका के किशोरियों को यह टीका लगवाएं। इसका कोई नुकसान नहीं है।
सीएमओ डा. रेनू चावला ने बताया कि जिले में लगभग 8400 किशोरियों को यह टीका लगाया जाना है। 24 अप्रैल को मेगा टीकाकरण दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। जिसके तहत सभी खंड में पीएचसी पर टीकाकरण होगा। इसके लिए ब्लॉक अनुसार स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है। शिक्षा विभाग की मदद से अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

About The Author
संबंधित समाचार



