Gurugram News: दिव्यांग अकाउंटेंट से दोस्ती के बहाने रेप, खाते से डेढ़ लाख निकाले
यहां एक दिव्यांग अकाउंटेंट के साथ दोस्ती और मदद का झांसा देकर शोषण करने का मामला सामने आया है। सरकारी विभाग में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत दृष्टिबाधित युवती का आरोप है कि आरोपी युवक ने पहले लिफ्ट देकर उससे जान-पहचान बढ़ाई और बाद में होटल में ले जाकर उसकी इच्छा के खिलाफ कई बार दुष्कर्म किया।
गुरुग्राम: यहां एक दिव्यांग अकाउंटेंट के साथ दोस्ती और मदद का झांसा देकर शोषण करने का मामला सामने आया है। सरकारी विभाग में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत दृष्टिबाधित युवती का आरोप है कि आरोपी युवक ने पहले लिफ्ट देकर उससे जान-पहचान बढ़ाई और बाद में होटल में ले जाकर उसकी इच्छा के खिलाफ कई बार दुष्कर्म किया। आरोप है कि युवक ने उसके बैंक खाते से धोखे से करीब डेढ़ लाख रुपये भी निकाल लिए। पीडि़ता की शिकायत पर पटौदी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि कुछ समय पहले दिल्ली से लौटते समय एक युवक ने उसे अपनी कार में लिफ्ट दी थी। इसके बाद आरोपी ने बातचीत बढ़ाकर खुद को मददगार के तौर पर पेश किया। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोपी उसे कई बार रेस्टोरेंट में खाना खिलाने ले गया और बाद में प्रेम संबंध बनाने का प्रस्ताव भी दिया, जिसे युवती ने ठुकरा दिया।
आरोप है कि इसके बाद युवक उसे बहाने से एक होटल में ले गया और उसकी दिव्यांगता का फायदा उठाते हुए जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पीडि़ता का आरोप है कि आरोपी ने उसका एटीएम कार्ड और पिन हासिल कर लिया तथा उसकी जानकारी के बिना खाते से करीब 1.5 लाख रुपये निकाल लिए।
जब युवती ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने पैसे लौटाने का भरोसा देकर उसे दोबारा होटल बुलाया। आरोप है कि वहां भी उसने रुपये लौटाने के बजाय उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की बात कहने पर आरोपी ने दबाव बनाने के लिए उसके नाम से सुसाइड करने की धमकी भी दी।
आखिरकार पीडि़ता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



