Nuh Mewat News: ढाई लाख रिश्वत लेने के आरोप में एसीबी ने सीएचसी पिनंगवा के डॉक्टर और सहायक को रंगे हाथों पकड़ा
फरीदाबाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को नूंह जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनंगवा में बड़ी कार्रवाई करते हुए मेडिकल ऑफिसर और उसके सहायक को ढाई लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
नूंह। फरीदाबाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को नूंह जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनंगवा में बड़ी कार्रवाई करते हुए मेडिकल ऑफिसर और उसके सहायक को ढाई लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पोक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में कथित मदद के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में की गई।

एसीबी फरीदाबाद के इंस्पेक्टर बिजेन्दर के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार को यह कार्रवाई अंजाम दी। एसीबी के अनुसार डॉ. बीरपाल, मेडिकल ऑफिसर सीएचसी पिनंगवा और उनके सहायक मोनू को थाना पिनंगवा में दर्ज पोक्सो एक्ट के एक मामले में सुविधा देने के एवज में 2,50,000 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत की शिकायत एसीबी को दी गई थी, जिसके बाद टीम ने जाल बिछाकर दोनों को स्वास्थ्य केंद्र में ही रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और भ्रष्टाचार में लिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



