Nuh Mewat News: नूंह जिला में 26 दिन में यातायात नियम तोड़ने पर 18,601 वाहनों का हुआ चालान
सड़क सुरक्षा को लेकर चौराहों, बस व ऑटो स्टैंड तथा शिक्षण संस्थानों में चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
लघु सचिवालय स्थित सभागार में उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
नूंह: लघु सचिवालय स्थित सभागार में उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। सड़कों पर अवैध कट, अतिक्रमण तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले कारणों को दूर करने के साथ-साथ सड़क किनारे आवश्यक संकेतक, रिफ्लेक्टर एवं अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में यातायात पुलिस द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार 20 जुलाई 2026 से 16 अगस्त 2026 तक जिले में मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 18,601 चालान किए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 5,109, गलत पार्किंग के 978, लाइन एज के 3,301, ट्रिपल राइडिंग के 671, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने के 189, गलत दिशा में ड्राइविंग के 107, नंबर प्लेट विरूपित पैटर्न के 4,913, विरूपित नंबर प्लेट के 1,382 तथा स्पीड लिमिट का उल्लंघन करने पर 816 चालान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त ओवरलोडिंग के 45 मामलों पर भी कार्रवाई की गई।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल चालान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करना और दुर्घटनाओं को रोकना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग नहीं करने, तेज गति, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा नंबर प्लेट से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। बैठक में बताया गया कि चौराहों, बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड, ट्रक यूनियन तथा शिक्षण संस्थानों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर वाहन चालकों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से लगते गांवों में भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इनमें घिमरावट, बाघौला, खुसपुरी, वाजिदपुर, जयसिंहपुर, सिंगार, मरोड़ा, घाटा शमशाबाद और रीगढ़ आदि गांव शामिल हैं। ग्रामीणों, वाहन चालकों एवं मौजूद लोगों को अपने वाहनों को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर खड़ा न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से संबंधित लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए तथा समिति की बैठकों में लिए गए निर्णयों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे रिफ्लेक्टर, संकेतक, स्ट्रीट लाइट और अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण करते हुए कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी उपायुक्त के समक्ष रखी। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, सचिव आरटीए मुनीष सहगल, वीसी के माध्यम से एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण, एसडीएम तावडू जितेन्द्र कुमार, एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार , डीएसपी हरदीप सिंह, डीएफओ प्रवीण कुमार, आदि मौजूद रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



