Palwal News: खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पलवल में किया ध्वजारोहण

शहीदों को नमन कर देशवासियों से विकसित भारत निर्माण में योगदान देने का किया आह्वान

Desh Rojana
On

भारत देश की आजादी के जश्न के अवसर पर पलवल में 80वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन आगरा चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में भव्य एवं गरिमापूर्ण तरीके से किया गया।

पलवल:भारत देश की आजादी के जश्न के अवसर पर पलवल में 80वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन आगरा चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में भव्य एवं गरिमापूर्ण तरीके से किया गया। समारोह में हरियाणा सरकार में खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा कानून एवं विधायी कार्य राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वजारोहण करने उपरांत परेड का निरीक्षण कर शानदार मार्च पास्ट की सलामी ली।
 
dcs01 (5)
 
परेड कमांडर डीएसपी मनोज वर्मा के नेतृत्व में सधे हुए कदमों और अनुशासित अंदाज में आगे बढ़ती हरियाणा पुलिस महिला और पुरूष, होमगार्ड, एनसीसी तथा अन्य टुकड़ियों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। मार्च पास्ट के दौरान प्रतिभागी जवानों और विद्यार्थियों के चेहरे पर देश के प्रति समर्पण और गर्व का भाव साफ दिखाई दिया। परेड में कदमताल की एकरूपता और अनुशासन देखते ही बन रहा था। समारोह की खास बात यह रही कि इस बार राष्ट्रगान धुन बजाने से पूर्व 'राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् भी बजाया गया।

जिला प्रशासन की ओर से जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में पलवल जिले के गांव रजोलका के प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय बीन वादक हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित हवा सिंह नाथ को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।

हरियाणा सरकार में खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता तथा कानून एवं विधायी कार्य राज्य मंत्री गौरव गौतम ने देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने हरियाली तीज के पावन पर्व पर प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को भी हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की।

खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि आज हम उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हैं, जिनके त्याग, तपस्या और बलिदान के कारण हमें आजादी प्राप्त हुई। देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर जवानों तथा देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सभी शहीदों को भी मैं श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। हरियाणा वीरों और देशभक्तों की धरती है। वर्ष 1857 की क्रांति में अंबाला से उठी स्वतंत्रता की चिंगारी हमारे गौरवशाली इतिहास और वीरता का प्रमाण है। अंबाला में बन रहा शहीदी स्मारक आने वाली पीढिय़ों को हमारे वीरों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए गौरव और प्रेरणा का राष्ट्रीय पर्व है। देश की आजादी के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी करने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
 
dcs01 (4)
खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल जिला के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले लगभग 12 वर्षों में वर्षों में जिला में अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं। दूधौला में स्थापित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान कर रहा है। पलवल में एलिवेटेड पुल के निर्माण से यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है। शहर के सौंदर्यीकरण, खेल सुविधाओं, सडक़ों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पलवल में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम के निर्माण की दिशा में कार्य किया जाएगा। पेलक में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। आने वाले समय में पलवल को मेट्रो की सौगात मिलने की भी उम्मीद है, जिससे क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी।

खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा खेलों की धरती है। प्रदेश के खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर हरियाणा और देश का नाम रोशन किया है। सरकार खेलों के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा विकसित करने, खिलाडिय़ों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में सुपर-100 और राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय जैसी योजनाओं के माध्यम से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। हमारे बच्चे आईआईटी और एनआईटी और देश के प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों तक पहुंच रहे हैं।

खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रधानमंत्री श नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित हरियाणा का निर्माण करना है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। उद्योगों को बढ़ावा देने, एमएसएमई को मजबूत करने तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान, युवा, महिला और गरीब हमारे विकास के प्रमुख केंद्र हैं। किसानों के हित में प्रदेश में 24 फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित की गई है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लाडो लक्ष्मी योजना सहित अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। गरीब परिवारों को आवास, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि नशामुक्त हरियाणा हमारा महत्वपूर्ण संकल्प है। युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें खेल, शिक्षा, कौशल और रोजगार से जोड़ना हमारी प्राथमिकता है। मैं प्रदेश के प्रत्येक युवा से आह्वान करता हूं कि वह नशे से दूर रहें और अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करते हुए विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि आज हमें यह संकल्प लेना है कि वर्ष 2047 में, जब भारत अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब हमारा देश विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व में अग्रणी राष्ट्र बने तथा हरियाणा देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल हो। हम सभी मिलकर ऐसा हरियाणा बनाएं, जहां किसान समृद्ध हों, युवा आत्मनिर्भर हों, बेटियां सुरक्षित और सशक्त हों, गरीब परिवार सम्मानजनक जीवन जी सकें तथा गांव और शहर समान रूप से विकसित हों।

जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा पुलिस की टुकड़ी का नेतृत्व पीएसआई सुमित तथा महिला टुकड़ी का नेतृत्व पीएसआई अंजना ने किया। होमगार्ड हरियाणा की टुकड़ी का नेतृत्व विजय शर्मा ने किया। एनसीसी सीनियर विंग की विभिन्न टुकडिय़ों में जीजीडीएसडी कॉलेज, डा. बी.आर. अंबेडकर कॉलेज तथा अन्य शिक्षण संस्थानों के कैडेट शामिल रहे।

एनसीसी जूनियर विंग की टुकडिय़ों में धर्म पब्लिक स्कूल तथा एसएनडी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी शामिल हुए। भारत स्काउट एंड गाइड पीएनजीएमजी सीएसई स्कूल तथा हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड की टुकडिय़ों ने भी मार्च पास्ट में भाग लिया। स्वतंत्रता के प्रहरी आरजीकेवीएमवी, पलवल कैंप तथा बैंड ड्रिल टुकड़ी ने भी समारोह की शोभा बढ़ाई।

जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान हरियाणा पुलिस की महिला एवं पुरुष टुकडिय़ों, होमगार्ड, एनसीसी तथा अन्य टुकडिय़ों ने अनुशासित एवं शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। सधे हुए कदमों और जोश से भरी परेड ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों में देश की एकता-अखंडता, वीरता, संस्कृति तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की शानदार झलक दिखाई दी। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे स्टेडियम को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। हरियाणा पुलिस की महिला टुकड़ी, एनसीसी सीनियर विंग डा. बी.आर. अंबेडकर कॉलेज और एनसीसी जूनियर विंग की टुकड़ी एसएनडी पब्लिक स्कूल ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रही। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों में
एसएनडी पब्लिक स्कूल पलवल, लोटस इंटरनेशनल स्कूल पलवल, राकवमावि पलवल शहर प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
 
dcs01 (19)
इस अवसर पर मुख्य अतिथि गौरव गौतम द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों सहित जिला के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने इससे पहले स्टेडियम परिसर में स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले ज्ञात-अज्ञात वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से शहीदों के आदर्शों और देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जिला प्रशासन की ओर से जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आमजन का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, नगराधीश प्रीति रावत, तहसीलदार दिनेश कुमार, डीपीओ उपमा अरोड़ा, डीएसपी मनोज वर्मा, डीएसपी नरेंद्र खटाना, डीआरओ बलराज सिंह दांगी, डीईओ ममराज रावत, मंत्री के चाचा बिजेंद्र गौतम, वीरपाल दीक्षित सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानी एवं उनके परिजन तथा बड़ी संख्या में जिलावासी मौजूद रहे।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad