Palwal news : एक वर्ष का कार्यकाल: संगठन विस्तार के साथ जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष : नेत्रपाल अधाना
जिला कांग्रेस कमेटी पलवल के जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने जिलाध्यक्ष के रूप में एक वर्ष पूर्ण होने पर कहा कि 12 अगस्त 2025 को जिम्मेदारी संभालने के बाद उनका मुख्य उद्देश्य पलवल जिले में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाना रहा है।
पलवल। जिला कांग्रेस कमेटी पलवल के जिलाध्यक्ष नेत्रपाल अधाना ने जिलाध्यक्ष के रूप में एक वर्ष पूर्ण होने पर कहा कि 12 अगस्त 2025 को जिम्मेदारी संभालने के बाद उनका मुख्य उद्देश्य पलवल जिले में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और जनता से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर मजबूती से आवाज उठाना रहा है। 
उन्होंने कहा कि 14 अगस्त 2025 को जिलाध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के बाद जिला कांग्रेस कमेटी पलवल का पहला बड़ा प्रदर्शन ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर चुनाव आयोग (ECI) के खिलाफ किया गया। इसके बाद लगातार लोकतंत्र, चुनावी पारदर्शिता और जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने संघर्ष किया। पिछले एक वर्ष में जिला कांग्रेस कमेटी पलवल ने बेरोजगारी, महंगाई, किसानों एवं मजदूरों के हित, मनरेगा से जुड़े मुद्दों, छात्रों एवं युवाओं की समस्याओं, परीक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं तथा NEET/परीक्षा विवादों जैसे जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। छात्रों के साथ हुए अन्याय और NEET/परीक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर भी जिला कांग्रेस कमेटी ने मजबूती से आवाज उठाई। छात्रों पर लाठीचार्ज, उनकी गिरफ्तारी तथा उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन के विरोध में प्रदर्शन किए गए। छात्रों के सम्मान और न्याय की मांग को लेकर 25 जुलाई 2026 को पलवल में कैंडल मार्च भी आयोजित किया गया। इसी क्रम में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के दौरान मतदाताओं के अधिकारों और मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर भी जिला कांग्रेस कमेटी लगातार सक्रिय रही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम जनता से अपील की गई कि मतदाता सूची में अपने नाम की जांच करें और किसी भी गलत नाम, छूटे हुए नाम या अन्य त्रुटि के संबंध में निर्धारित समय सीमा में आपत्ति दर्ज कराएं। नेत्रपाल अधाना ने कहा कि इन जनहित के मुद्दों के साथ-साथ जिला कांग्रेस कमेटी ने लगातार धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन, विरोध मार्च, कैंडल मार्च और जनजागरण कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया है और मजबूती से विपक्ष की भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में पलवल जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया गया है। जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी का गठन किया गया, BLA-1 और BLA-2 (Booth Level Agents) नियुक्त किए गए तथा जिले के विभिन्न ब्लॉकों में ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ब्लॉक अध्यक्षों की कार्यकारिणियों का गठन जल्द पूरा किया जाएगा। इसके बाद संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए मंडल अध्यक्षों और सेक्टर अध्यक्षों की नियुक्तियां भी शीघ्र की जाएंगी। हमारा लक्ष्य कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय बनाना है। नेत्रपाल अधाना ने जिला कांग्रेस कमेटी पलवल के सभी ब्लॉक अध्यक्षों, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों, BLA-1, BLA-2 तथा कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और संघर्ष के कारण ही कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ मजबूती से खड़ी रही और जनता की आवाज को लगातार उठाती रही। उन्होंने कहा कि आगे भी पार्टी हाईकमान, शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व एवं वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और सहयोग से कांग्रेस संगठन को और मजबूत किया जाएगा तथा जनहित और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े हर मुद्दे पर संघर्ष जारी रहेगा।




