Gurugram News: एक दिन में 16 किमी सड़क कब्जा मुक्त हुई, 200 स्थायी और 150 अस्थायी कब्जे हटाए

12 टीमों और 14 जेसीबी मशीनों ने मचाया भौकाल

Desh Rojana
On

शासन- प्रशासन चाहे तो क्या संभव नहीं हो सकता। सड़क- फुटपाथ जनता के लिए है, जब प्रशासन का पीला पंजा चला तो कब्जाधारियों को ये समझ आ गया। एक ही दिन में 16 किमी सड़क कब्जा मुक्त हो गई है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के अतिक्रमण हटाओ अभियान के पहले दिन शहर में करीब 16 किलोमीटर सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

गुरुग्राम: शासन- प्रशासन चाहे तो क्या संभव नहीं हो सकता। सड़क- फुटपाथ जनता के लिए है, जब प्रशासन का पीला पंजा चला तो कब्जाधारियों को ये समझ आ गया। एक ही दिन में 16 किमी सड़क कब्जा मुक्त हो गई है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के अतिक्रमण हटाओ अभियान के पहले दिन शहर में करीब 16 किलोमीटर सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान करीब 200 स्थायी और 150 अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। जीएमडीए की एनफोर्समेंट ब्रांच की 12 टीमों ने 36 अधिकारियों-कर्मचारियों तथा 14 जेसीबी मशीनों के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों में एक साथ कार्रवाई की।
 
awaidh
 
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  पी.सी. मीणा के निर्देश पर शुरू किए गए इस व्यापक अभियान का पहले दिन मुख्य फोकस पुराने गुरुग्राम पर रहा। यहां सड़कों, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू ) पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई का उद्देश्य सड़क और पैदल यात्रियों के लिए उपलब्ध स्थान को दोबारा जनता के लिए खोलना रहा।
 
सड़क और फुटपाथ जनता के लिए हैं
जीएमडीए के सीईओ पी.सी. मीणा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि व्यवस्थित तरीके से सार्वजनिक स्थानों को वापस जनता को उपलब्ध कराना और पैदल व वाहन यातायात को सुचारु करना है। उन्होंने कहा कि सड़कें और फुटपाथ सार्वजनिक उपयोग के लिए हैं और इन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जा सकता। जीएमडीए ने सार्वजनिक राइट ऑफ वे को पुनः बहाल करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से अभियान शुरू किया है। अतिक्रमण हटाए गए स्थानों की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि दोबारा कब्जा न हो। साथ ही, तोड़फोड़ के बाद बचा मलबा समय पर हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि मुक्त कराए गए स्थान तत्काल जनता के उपयोग में आ सकें।
 
पुराने शहर व्यापक कार्रवाई
अभियान के पहले दिन पुराने गुरुग्राम के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर कार्रवाई की गई। इनमें चर्च गेट से रेलवे स्टेशन तक ओल्ड रेलवे रोड, धनवापुर रोड, सेक्टर-4/9 और सेक्टर-5/6 की डिवाइडिंग रोड शामिल रहीं। इसके अलावा सेक्टर-81, 82, 82ए, 85, 86, 89, 90 और 93 के विभिन्न हिस्सों में भी अतिक्रमण हटाया गया। टीमों ने सड़कों और फुटपाथों की चौड़ाई कम करने वाले स्थायी कमरे, चारदीवारी, पक्के शेड, खोखे, कियोस्क, निर्माण सामग्री और अन्य अस्थायी ढांचे हटाए।
ओल्ड रेलवे रोड पर करीब 15 फीट तक अतिक्रमण मुक्त स्थान बहाल किया गया, जबकि धनवापुर रोड पर भी लगभग 15 फीट क्षेत्र खाली कराया गया। सेक्टर-4/7 की डिवाइडिंग रोड पर करीब 20 फीट सड़क क्षेत्र अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।करीब 15 संपत्तियों में चारदीवारी और अन्य निर्माण के माध्यम से ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में विस्तार पाया गया। इन अवैध विस्तारों के तहत बनाए गए स्थायी कमरों और अन्य ढांचों को हटाया गया।
 
12 टीमों और 14 जेसीबी ने संभाला मोर्चा
अभियान का नेतृत्व जीएमडीए के डीटीपी एनफोर्समेंट आर.एस. बाठ ने किया।  बाठ के नेतृत्व में टीमें अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई में जुटी रहीं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि इसे लगातार और चरणबद्ध तरीके से चलाया जाए। 
 
दूसरे दिन शीतला माता रोड कॉरिडोर पर कार्रवाई
अभियान के दूसरे दिन करीब 20 किलोमीटर लंबे शीतला माता रोड कॉरिडोर को अतिक्रमण मुक्त कराने पर फोकस रहा। इसके तहत अतुल कटारिया चौक से शीतला माता मंदिर, शीतला माता मंदिर से शहीद भगत सिंह चौक, शहीद भगत सिंह चौक से कृष्णा चौक और आगे रेजांगला चौक तक कार्रवाई की गई।
इसके अलावा सेक्टर-9/9ए, सेक्टर-4/7 और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड के विभिन्न हिस्सों में भी अतिक्रमण हटाया गया।
 
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad