Rewari News: आठ साल पुराने रतनलाल हत्याकांड का तीसरा मुख्य आरोपी सुनील उर्फ सन्नी गिरफ्तार
सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश हुड्डा की टीम ने वर्ष 2018 में हुए गांव खुर्मपुर निवासी रतनलाल हत्याकांड के तीसरे और मुख्य आरोपी सुनील उर्फ सन्नी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस इस मामले में शामिल दो अन्य सह-आरोपियों सोमबीर और मंजीत को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
रेवाड़ी: सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश हुड्डा की टीम ने वर्ष 2018 में हुए गांव खुर्मपुर निवासी रतनलाल हत्याकांड के तीसरे और मुख्य आरोपी सुनील उर्फ सन्नी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस इस मामले में शामिल दो अन्य सह-आरोपियों सोमबीर और मंजीत को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।जांचकर्ता ने बताया कि गांव खुर्मपुर निवासी प्यारे लाल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उनका ताऊ का लड़का रतनलाल गांव में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था।
26 दिसंबर 2018 की रात वह खाना खाकर अपने घर के कमरे में सोया था। अगले दिन सुबह जब परिजन वहां पहुंचे, तो रतनलाल चारपाई पर मृत पड़ा मिला। उसके चेहरे व सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा गले पर रस्सी के निशान पाए गए थे। सूचना मिलते ही थाना बावल पुलिस और 'सीन ऑफ क्राइम' टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शिकायतकर्ता प्यारेलाल के बयान के आधार पर बावल थाने में हत्या की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान सीआईए धारूहेड़ा की टीम ने 5 मई को मामले में संलिप्त एक आरोपी सोमबीर (निवासी खुर्मपुर) को गढ़ी बोलनी रोड स्थित रेलवे पुल के नीचे से अवैध हथियार के साथ पकड़ा था। पुलिस द्वारा की गई गहन पूछताछ में सोमबीर ने हत्या के पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया था। आरोपी सोमबीर ने बताया कि उसके दोस्त सुनील उर्फ सन्नी का गांव के ही एक अन्य व्यक्ति के साथ जमीनी का विवाद चल रहा था, जिसको लेकर उसके खिलाफ थाना बावल में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था।
आरोपी सुनील का घर मृतक रतनलाल के घर के ठीक सामने था। आरोपियों को शक था कि रतनलाल उनके विरोधियों को उनकी गतिविधियों और सूचनाओं की खबर देता है। इसी रंजिश के चलते आरोपी सुनील ने अपने साथियों सोमबीर और मंजीत के साथ मिलकर रतनलाल के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
पुलिस ने पूर्व में मामले के दो आरोपियों सोमबीर और मंजीत को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। 'ऑपरेशन ट्रैक डाउन' के तहत लगातार की जा रही निगरानी के परिणामस्वरूप, सीआईए धारूहेड़ा की टीम ने वीरवार को इस मामले के तीसरे आरोपी सुनील उर्फ सन्नी (निवासी गांव खुर्मपुर) को भी गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस द्वारा आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने स्पष्ट किया है कि "ऑपरेशन ट्रैक डाउन" के तहत जिले में किसी भी अपराधी या असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा और गंभीर अपराधों में संलिप्त फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।




