Palwal News: प्रतिभाओं का सम्मान समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी प्रेरणा : गौरव गौतम
सैनी धर्मशाला में आयोजित जोगी समाज प्रतिभा सम्मान समारोह में खेल राज्य मंत्री ने प्रतिभाओं को किया सम्मानित, युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का दिया संदेश
हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा मामले तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को पलवल के सोहना रोड स्थित सैनी धर्मशाला में आयोजित जोगी समाज प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
पलवल: हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा मामले तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को पलवल के सोहना रोड स्थित सैनी धर्मशाला में आयोजित जोगी समाज प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, खेल, सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल व्यक्तियों का नहीं, बल्कि पूरे समाज के गौरव का सम्मान है और ऐसे आयोजन युवाओं को आगे बढऩे की नई प्रेरणा देते हैं।

प्रतिभाओं को मंच देने का सराहनीय कार्य कर रहा है जोगी समाज:
समारोह को संबोधित करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि जिला पलवल के जोगी समाज के प्रधान मंगलसेन द्वारा समाज की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें सम्मानित करने का कार्य अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनका मनोबल बढ़ाना एक सकारात्मक पहल है, जिससे नई पीढ़ी को आगे बढऩे की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने महाराष्ट्र में आयोजित तलवारबाजी प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए कहा कि किसी प्रतिभाशाली व्यक्ति को सार्वजनिक मंच पर सम्मानित किया जाना उसके जीवन का अविस्मरणीय क्षण होता है। इससे उसकी सफलता की खुशी कई गुना बढ़ जाती है और आगे बेहतर प्रदर्शन करने का उत्साह मिलता है।

भगवा हमारी संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और भाईचारे का प्रतीक:
गौरव गौतम ने कहा कि जोगी समाज का भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भगवा केवल एक रंग नहीं, बल्कि त्याग, शांति, भाईचारे और भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। यह संत परंपरा, भगवान श्रीराम और गुरु गोरखनाथ की विरासत से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाई है। आज भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ विश्व मंच पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है और प्रत्येक भारतीय को इस पर गर्व होना चाहिए।
.jpeg)
युवा सकारात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में निभाएं भूमिका:
खेल राज्य मंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है और यदि युवा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कार्य करेंगे तो भारत विश्व में और अधिक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि सभी को मिलकर सामाजिक समरसता, शिक्षा, खेल और राष्ट्रहित के कार्यों में आगे आना चाहिए। उन्होंने पलवल के बाहर से आए जोगी समाज के सभी प्रतिनिधियों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार भी व्यक्त किया।
.jpeg)
इस अवसर पर समारोह के आयोजक मंगलसेन, अनूपनाथ, सुरेखा डागर सहित जोगी समाज के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
लगभग 40 लाख रुपये की लागत से हुए सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन:
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के प्रवेश बिंदू, सेक्टर-2, पलवल में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से कराए गए सौंदर्यीकरण कार्यों का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद भी मौजूद रहे।
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि शहर की सुंदरता और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रवेश मार्ग के सौंदर्यीकरण से न केवल शहर की आकर्षक छवि विकसित होगी, बल्कि नागरिकों और बाहर से आने वाले लोगों को भी बेहतर वातावरण का अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि पलवल के समग्र एवं सुनियोजित विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।




