Nuh Mewat News: ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, सुरक्षा के किए व्यापक प्रबंध : आईजी ओ.पी. नरवाल
ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा के आयोजन के संबंध में जिला प्रशासन की तैयारियां पूर्ण - उपायुक्त अखिल पिलानी
जिला नूंह में सावन के पहले सोमवार 3 अगस्त को निकली जाने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है।
नूंह: जिला नूंह में सावन के पहले सोमवार 3 अगस्त को निकली जाने वाली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है। रविवार को साउथ रेंज रेवाड़ी के आईजी ओ.पी. नरवाल, उपायुक्त अखिल पिलानी व पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन तथा यात्रा की नोडल अधिकारी अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति सहित जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ आज नल्हड़ेश्वर मंदिर नूंह से झिरकेश्वर मंदिर, फिरोजपुर झिरका तथा सिंगेश्वर मंदिर, सिंगार, पुन्हाना तक फ्लैग मार्च निकाला गया।

आईजी ओपी नरवाल ने पत्रकारों से बातचीत में जलाभिषेक यात्रा के आयोजन के संबंध में बताया कि इस यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं और किसी भी शरारती तत्व को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। यात्रा की सुरक्षा के लिए जिला में करीब 2,000 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 13 डीएसपी विभिन्न क्षेत्रों में ड्यूटी पर रहेंगे और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तुरंत उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए रेवाड़ी व अन्य जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल को रिजर्व श्रेणी में रखा गया है। यदि कोई व्यक्ति कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता है तो इस अतिरिक्त बल को तत्काल मौके पर बुला लिया जाएगा।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के सफल आयोजन के मद्देनजर व्यापक स्तर पर जरुरी तैयारी व प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए प्रशासन की ओर से 19 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं तथा 8 ड्यूटी मजिस्ट्रेट को रिजर्व की श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल जिला में इंटरनेट सेवाएं बंद करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है। लेकिन यात्रा मार्ग पर मीट की दुकानें बंद रखी जाएंगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों का दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा के मार्ग पर जगह-जगह पानी की भी व्यवस्था की जाएगी तथा जगह-जगह पर सामाजिक व धार्मिक संगठनों की ओर से यात्रा का स्वागत भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लघु सचिवालय में हेल्पलाइन नंबर 01267-274610 भी शुरू किया गया है ताकि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की सहायता के लिए इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकता है।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल यात्रा को सुचारु और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों की आवाजाही, आवश्यक सेवाओं और दैनिक गतिविधियों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।
भारी वाहनों के लिए रूट किया जाएगा डाइवर्ट:
पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन ने बताया कि ब्रज मंडल जिला अभिषेक यात्रा के मद्देनजर भारी वाहन चालकों के लिए एक विशेष एडवाईजरी जारी कि हैं । भारी वाहन चालक इस एडवाईजरी का पालन कर अपनी यात्रा को आसान एवं सुगम बनाएं। उन्होंने बताया कि अलवर से सोहना/गुरुग्राम जाने वाले भारी वाहन फिरोजपुर झिरका के अम्बेडकर चौक से मुम्बई एक्सप्रेस-वे से वायां के.एम.पी. रेवासन होते हुए सोहना/गुरुग्राम जाएं । जिन भारी वाहनों को सोहना/गुरुग्राम से अलवर की तरफ जाना हैं वो वाहन चालक वायां के.एम.पी. रेवासन से मुम्बई एक्सप्रेस-वे होते हुए अम्बेडकर चौक फिरोजपुर झिरका से अलवर की तरफ जाएं ।
जिन भारी वाहनों को तावडू से अलवर की तरफ जाना हैं वो भारी वाहन चालक वायां के.एम.पी. रेवासन से मुम्बई एक्सप्रेस-वे होते हुए अम्बेडकर चौक फिरोजपुर झिरका से अलवर की तरफ जाएं । जिन भारी वाहनों को पलवल, होडल व अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) से अलवर जाना हैं वो भारी वाहन चालक वायां के.एम.पी. होते हुए मुम्बई एक्सप्रेस-वे से अम्बेडकर चौक फिरोजपुर झिरका से अलवर की तरफ जाएं।
जिन भारी वाहनों को पलवल, होडल व अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) से नूंह जाना हैं वो भारी वाहन चालक ब्रजमण्ड़ल जलाभिषेक यात्रा समाप्त होने उपरांत ही नूंह आएं। जिन भारी वाहनों को जयपुर से नूंह आना हैं वो भारी वाहन चालक वायां मुम्बई एक्सप्रेस-वे से के.एम.पी. रेवासन होते हुए ब्रजमण्ड़ल जलाभिषेक यात्रा समाप्त होने उपरांत ही नूंह आएं। जिन भारी वाहनों को पुन्हाना से नूंह आना हैं वो भारी वाहन चालक ब्रजमण्ड़ल जलाभिषेक यात्रा समाप्त होने उपरांत ही नूंह आएं। जिन भारी वाहनों को गुरुग्राम से नूंह आना हैं वो भारी वाहन चालक ब्रजमण्ड़ल जलाभिषेक यात्रा समाप्त होने उपरांत ही नूंह आएं । जिन भारी वाहनों को तावडू से नूंह आना हैं वो भारी वाहन चालक ब्रजमण्ड़ल जलाभिषेक यात्रा समाप्त होने उपरांत ही नूंह आएं ।
इस अवसर पर जिला परिषद के अध्यक्ष जान मोहम्मद, पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, एएसपी वाईवीआर शशि शेखर, डीटीपी बिनेश कुमार, कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रदीप संधू, डीएसपी पृथ्वी सिंह, अजायब सिंह, अभिमन्यु, नल्हड़ेश्वर मंदिर कमेटी के प्रधान जीएस मलिक, फिरोजपुर झिरका नगरपालिका मनीष जैन, शिव मंदिर फिरोजपुर झिरका के प्रधान अनिल गोयल व अन्य उपस्थित थे।




