Nuh News: एसआईआर के तहत 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित - उपायुक्त अखिल पिलानी
पात्र नागरिक नई वोट बनवान के लिए फॉर्म-6 भरकर करें आवेदन
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अखिल पिलानी ने कहा कि जिन मतदाताओं का नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज था और अब 31 जुलाई को प्रकाशित हुई प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं है और उन्हें बीएलओ की ओर से नोटिस मिला है तो ऐसे सभी मतदाता आगामी 30 अगस्त 2026 तक अपना दावे व आपत्तियां संबंधित बीएलओ के पास दर्ज करवा सकते हैं।
नूंह: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अखिल पिलानी ने कहा कि जिन मतदाताओं का नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज था और अब 31 जुलाई को प्रकाशित हुई प्रारूप मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं है और उन्हें बीएलओ की ओर से नोटिस मिला है तो ऐसे सभी मतदाता आगामी 30 अगस्त 2026 तक अपना दावे व आपत्तियां संबंधित बीएलओ के पास दर्ज करवा सकते हैं। इसके अलावा जिन युवाओं की आयु 1 जुलाई 2026 की आधार तिथि के अनुसार 18 वर्ष पूरी हो चुकी है तो ऐसे पात्र युवा भी आगामी 30 अगस्त 2026 तक अपने बीएलओ के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उपायुक्त ने कहा कि अगर किसी मतदाता के नाम, पते एवं अन्य विवरणों में त्रुटि है तो वे फॉर्म-8 व आवश्यक घोषणा पत्र भरकर इन त्रुटियों को दूर करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इसी उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नवीन दिशा-निर्देशों तथा तकनीकी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न हो सके।
सुनवाई का नोटिस मिलने पर अपना पक्ष अवश्य रखें: उपायुक्त ने कहा कि दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत यदि किसी आवेदक को सुनवाई का नोटिस प्राप्त होता है तो वह निर्धारित तिथि पर संबंधित अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष अवश्य रखें, ताकि आवेदन का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। नागरिक अपनी मतदाता संबंधी जानकारी भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल तथा हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी जांच सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए संबंधित बीएलओ, ईआरओ अथवा एईआरओ से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम फोटोयुक्त मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।




