Nuh News: ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए डीसी व एसपी ने जताया सभी समुदायों का आभार
समिति के सदस्यों ने भी यात्रा को सफल व आपसी सौहार्द की मिसाल बताया
उपायुक्त अखिल पिलानी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने शुक्रवार को जिला समन्वय समिति के सदस्यों को आमंत्रित कर 3 अगस्त को जिला नूंह में सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे के साथ आयोजित हुई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने यात्रा के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को मिले सहयोग के लिए समिति के सदस्यों सहित जिले के नागरिकों का धन्यवाद किया।
नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने शुक्रवार को जिला समन्वय समिति के सदस्यों को आमंत्रित कर 3 अगस्त को जिला नूंह में सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे के साथ आयोजित हुई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने यात्रा के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को मिले सहयोग के लिए समिति के सदस्यों सहित जिले के नागरिकों का धन्यवाद किया।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस यात्रा की सफलता में जिला समन्वय समिति के सदस्यों, स्थानीय नागरिकों, विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के लोगों, पंच-सरपंचों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने आपसी समन्वय, सहयोग और अनुशासन का परिचय देते हुए यात्रा को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न स्थानों पर यात्रा का विभिन्न धर्मों एवं समुदायों के लोगों द्वारा पुष्पवर्षा, स्वागत द्वार एवं सेवा शिविर लगाकर स्वागत किया गया। हिंदू एवं मुस्लिम समाज, व्यापारी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं तथा ग्रामीणों ने मिलकर आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द की अनूठी मिसाल प्रस्तुत की। यह सहयोग न केवल यात्रा की सफलता का आधार बना, बल्कि नूंह की समृद्ध सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित करता है। उपायुक्त अखिल पिलानी एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी समुदायों के नागरिकों, पंच-सरपंचों, प्रबुद्धजनों, मंदिर समितियों, आयोजनकर्ताओं का धन्यवाद व्यक्त किया।
उपायुक्त ने कहा कि नूंह जिले की गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की परंपरा इस यात्रा के माध्यम से एक बार फिर पूरे प्रदेश के सामने प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि जिले के लोगों ने आपसी विश्वास, सहयोग और सौहार्द की भावना को मजबूत करते हुए यह संदेश दिया है कि सामूहिक सहभागिता और भाईचारे से हर आयोजन को सफल एवं गरिमामय बनाया जा सकता है। इसी सामूहिक सहयोग और विश्वास के कारण ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी। सभी समुदायों के लोगों ने भी मिलकर उपायुक्त अखिल पिलानी व पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन का शॉल भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री कंवर संजय सिंह, भानीराम मंगला, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, सरदार जीएस मलिक, पूर्व डिप्टी स्पीकर आजाद मोहम्मद, नरेंद्र पटेल, ताहिर हुसैन, सुभान खां सिगारिया, नरेंद्र शर्मा, यशवंत गोयल, जाहिद बाई आदि ने भी इस यात्रा को सफल व आपसी सौहार्द की मिसाल बताया। बैठक में मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ इम्तियाज खान, हेमराज शर्मा, योगेश तंवर, रमेश मानुवास, दिनेश नागपाल, मौलाना याहया खान, रफीक हथोड़ी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।




