Nuh Mewat News:नूंह जिला की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 71,052 मतदाता सूची से बाहर, प्रारूप सूची जारी — नाम जरूर जांचें : डीसी अखिल पिलानी
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची शुक्रवार को प्रकाशित कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत यह सूची जारी की गई है।
नूंह: जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची शुक्रवार को प्रकाशित कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत यह सूची जारी की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि 24 जुलाई तक जिन पात्र मतदाताओं के गणना प्रपत्र निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को प्राप्त हो गए थे, उनके नाम ही इस प्रारूप सूची में शामिल किए गए हैं।

डीसी ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए, उनके नाम फिलहाल सूची से बाहर रखे गए हैं। ऐसे मतदाताओं की संख्या जिले में 71,052 है। इसके अलावा 1,67,251 विसंगति वाले मामलों की पहचान की गई है, जिनमें त्रुटियों के कारण नोटिस जारी किए जाएंगे। संबंधित मतदाताओं या उनके परिवार के सदस्यों को निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना होगा।
उन्होंने बताया कि सभी नागरिक अपने नाम की पुष्टि के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क करें या सीईओ हरियाणा की वेबसाइट पर उपलब्ध मतदाता सूची का अवलोकन करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वह निर्धारित अवधि के दौरान दावा प्रस्तुत कर सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। नए मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, किसी नाम को हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा संशोधन या स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 भरकर बीएलओ, ईआरओ कार्यालय या ऑनलाइन वोटर्स पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी पात्र नागरिक मतदाता बनने के हकदार हैं।
डीसी अखिल पिलानी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम अवश्य जांचें और बीएलओ द्वारा संपर्क किए जाने पर सहयोग करें, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।

About The Author
संबंधित समाचार



