Chandigarh News: प्रधानमंत्री 2 अगस्त 2026 को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत युवाओं को वर्चुअल माध्यम से करेंगे संबोधित
माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से राष्ट्रव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रविवार, 2 अगस्त 2026 को टैगोर थिएटर, चंडीगढ़ में कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है।
चंडीगढ़: माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से राष्ट्रव्यापी ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रविवार, 2 अगस्त 2026 को टैगोर थिएटर, चंडीगढ़ में कार्यक्रम का आयोजन कर रहा है।

इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के विरुद्ध संगठित करना तथा जागरूकता, खेल, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान ‘नशा मुक्त भारत’ और ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का देशभर के युवाओं के साथ वर्चुअल संवाद होगा। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 10,000 स्थानों पर एक करोड़ से अधिक युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य है। इसमें माय भारत स्वयंसेवक, माय भारत-एनएसएस स्वयंसेवक, युवा क्लब, स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी, गैर-सरकारी संगठन तथा सहयोगी संस्थाएं भाग लेंगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ लेंगे और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प करेंगे। इस अवसर पर 100 सप्ताह के राष्ट्रव्यापी रविवार सहभागिता अभियान का भी शुभारंभ होगा, जिसके अंतर्गत खेल, फिटनेस, सांस्कृतिक, जागरूकता, ध्यान एवं सामुदायिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के तहत 3 अगस्त 2026 को देव समाज कॉलेज फॉर वूमेन, सेक्टर-45, चंडीगढ़ में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इनमें समूह नृत्य, समूह लोकगीत, माइम एक्ट, शॉर्ट फिल्म/रील, पेंटिंग, वाद-विवाद और स्लोगन लेखन प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
माय भारत चंडीगढ़ एवं चंडीगढ़ प्रशासन ने विद्यार्थियों, शिक्षण संस्थानों, युवा संगठनों, गैर-सरकारी संगठनों और नागरिकों से अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा नशा मुक्त भारत के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने की अपील की है।

About The Author
संबंधित समाचार



