Rewari News: कांवड़ यात्रा को लेकर रेवाड़ी पुलिस अलर्ट,हर गतिविधि पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
सुगम, सुरक्षित और शांतिपूर्ण कांवड़ यात्रा के लिए रेवाड़ी पुलिस की अपील: यात्रा से पूर्व नजदीकी थाने में कराएं पंजीकरण, नियमों/ हिदायतों का करें पालन
पवित्र सावन मास के प्रारंभ के साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है। इस पावन अवसर पर हरिद्वार से गंगाजल लाकर शिवभक्त अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं।
रेवाड़ी। पवित्र सावन मास के प्रारंभ के साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है। इस पावन अवसर पर हरिद्वार से गंगाजल लाकर शिवभक्त अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिरों में जलाभिषेक करते हैं। श्रद्धालुओं के उत्साह, आस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेवाड़ी पुलिस ने कांवड़ यात्रियों तथा कांवड़ शिविर आयोजकों के लिए विशेष दिशा-निर्देश और अपील जारी की है।

कांवड़ यात्रियों के लिए मुख्य दिशा-निर्देश :
अनिवार्य पंजीकरण और आईडी कार्ड :
सभी श्रद्धालु यात्रा पर निकलने से पूर्व अपने नजदीकी पुलिस थाने में पंजीकरण अवश्य करवाएं और यात्रा के दौरान अपना पहचान पत्र (ID Card) साथ रखें।
---------
हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध :
यात्रा के दौरान भाले, त्रिशूल या किसी भी अन्य प्रकार का धारदार/घातक हथियार साथ ले जाना पूरी तरह वर्जित है।
-----------
नशा-मुक्त यात्रा :
कांवड़ यात्री किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करें और शांतिपूर्वक यात्रा में शामिल हों।
यातायात नियमों का पालन :
सड़क पर निर्धारित लेन में ही चलें। बिना साइलेंसर या पटाखे छोड़ने वाली बाइकों का प्रयोग न करें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।
------------
कांवड़ शिविर लगाने वालों के लिए निर्देश
पूर्व सूचना एवं अनुमति :
कांवड़ सेवा शिविर लगाने वाली संस्थाएं ऐसे आयोजन से पूर्व संबंधित पुलिस थाने में इसकी सूचना अवश्य दें।
स्थान एवं दूरी :
ऐसे शिविर को सड़क के बाएं की ओर निर्धारित 100 फुट की दूरी पर ही स्थापित करें ताकि यातायात बाधित नहीं हो।
सीसीटीवी से हो निगरानी :
शिवभक्तों की सुरक्षा के दृष्टिगत सभी कांवड़ शिविरों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य है।
हाईवे पर बनाया जाएगा अगल रास्ता :
कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए दिल्ली-जयपुर हाईवे नंबर 48, रोहतक-बावल हाईवे नंबर-352 व रेवाड़ी-नारनौल हाईवे नंबर 11 पर पैदल कांवड़ियों के चलने व सुरक्षा के लिए बाई ओर रस्सी लगा अगल से रास्ता बनाया जाएगा।
इस यात्रा के दौरान हाईवे पर क्रेन, एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात की जाएगी। इसके अतिरिक्त पुलिस की राइडर/पीसीआर भी लगातार गश्त पर रहेगी। मुख्य प्वाइंट पर ट्रैफिक के जवान भी तैनात रहेंगे। शहर में यातायात व्यवस्था व कांवड़ियों के आवागमन की सुविधा के लिए भी सुचारू रूप से व्यवस्था की जाएगी।
आपात स्थिति में पुलिस व मेडिकल सहायता हर समय उपलब्ध :
एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर पुलिस गश्त और सहायता वाहन तैनात रहेंगे। किसी भी अप्रिय घटना या सड़क दुर्घटना की स्थिति में मेडिकल सुविधाओं और त्वरित सहायता के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
विशेष संदेश
"कांवड़ यात्री और आयोजक प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाएं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन डायल 112 पर संपर्क करें। रेवाड़ी पुलिस सदैव आपकी सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर है। : एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा।
---------

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



