Mewat Taudu News: केएमपी रेवासन टोल नाके के समीप फ्लाईओवर पुलिया टूटा होने के कारण आए दिन हो रहे हादसे।
6 माह से नहीं हुई मरम्मत,बुधवार की सायं हुए हादसे में दो व्यक्ति घायल,स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप।
कुंडली-मानेसर-पलवल केएमपी एक्सप्रेस-वे पर रेवासन टोल नाके के समीप पिछले करीब छः माह से क्षतिग्रस्त पड़ी फ्लाईओवर की सुरक्षा जाली वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बनी हुई है।
तावड़ू : कुंडली-मानेसर-पलवल केएमपी एक्सप्रेस-वे पर रेवासन टोल नाके के समीप पिछले करीब छः माह से क्षतिग्रस्त पड़ी फ्लाईओवर की सुरक्षा जाली वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बनी हुई है। लगातार शिकायतों के बावजूद संबंधित एजेंसियों की ओर से अब तक कोई मरम्मत नहीं कराई गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन कुंभकरणी नींद में सोया हुआ है और किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

रेवासन टोल के पास सड़क कई स्थानों से उखड़ चुकी है। गहरे गड्ढों के कारण तेज रफ्तार वाहनों को अचानक ब्रेक लगाने पड़ते हैं,जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है। खासकर रात के समय और बारिश के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। खराब सड़क के कारण कई वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं और कई बार वाहन आपस में टकराने से बाल-बाल बच चुके हैं।
वहीं फ्लाईओवर पर लगी सुरक्षा जाली भी करीब दो माह से टूटी हुई है। लेकिन इसके क्षतिग्रस्त होने के बाद भी संबंधित विभाग ने इसकी मरम्मत नहीं कराई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया टूट चुका है और किसी भी वक्त पुलिया बीच में से टूट कर नीचे गिर सकता है पुलिया सरिये बाहर निकल कर आ चुके हैं जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार अब तक इस स्थान पर दो बड़े सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें वाहन क्षतिग्रस्त हुए और कई लोगों को चोटें भी आईं हैं।

हालांकि अभी तक कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन यदि समय रहते सड़क और सुरक्षा जाली की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि रेवासन टोल नाके के समीप क्षतिग्रस्त फ्लाईओवर की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा फ्लाईओवर की टूटी सड़क की तुरंत मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि केएमपी एक्सप्रेस-वे पर प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं और ऐसी लापरवाही किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवार की सायं भी क्षतिग्रस्त फ्लाईओवर की जाली से बचने को लेकर तीन वाहन आपस में टकरा गए। जिसमें एक चालक और एक अन्य सहकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें ईआरवी पुलिस टीम ने दोनों घायलों को नल्हड़ मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। इस संबंध में ना तो पुलिस को कोई शिकायत दी गई है और ना ही कोई पुष्टि हुई है। खुफिया सूत्रों से मिली जानकारियां अनुसार दोनों घायल रेवाड़ी क्षेत्र के किसी गांव के बताए गए हैं। स्थानीय लोगों की माने तो पिछले दो माह में अलग-अलग हादसों में करीब एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और बहुत से लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
स्थानीय निवासी पूर्व सरपंच पढ़ेनी बिल्लू, साजिद धुलावट, पूर्व सरपंच गोयला नरेंद्र टोकस आदि का कहना है कि भारी भरकम टोल तो वसूलते हैं,लेकिन सुविधा के नाम पर केएमपी पर कुछ भी नहीं है। खोड बसई क्षेत्र में ढलान पर अवैध कट भी हादसों का बड़ा कारण बन रहा है।


बीते दो माह में कब-कब हुई केएमपी पर दुर्घटना :
*पांच मई को धुलावट के समीप स्कार्पियो डिवाइडर से टकराकर उत्तर प्रदेश पुलिस के चार जवान और एक अन्य युवक की मौत हो गई।
*26 जून को केएमपी एक्सप्रेसवे पर दो ट्रैकों के आमने-सामने की टक्कर के बाद आग लग गई जिसमे ट्रक चालक की जलकर मौत हो गई
*22 मई 2026 को एक दुर्घटना की सूचना पर पहुंची ईआरवी खड़े ट्रक से टकराने पर कांस्टेबल बलवान सिंह की मौत हो गई और दो पुलिसकर्मी घायल भी हुए।
*पलवल मंडकोला मोड पर 29 जुलाई को केएमपी पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से राजस्थान से नेपाल जा रहे 14-टायर ट्रक के ड्राइवर की दिनेश सिंह की मौत हो गई।
अखिल पिलानी (उपायुक्त,नूंह) संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं कि जहां पर भी रोड क्षतिग्रस्त है वहां बेरिकेट्स लगाकर रिफ्लेक्टर टेप लगाई जाएं। किसी भी वाहन चालक को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी,आमजन की सुरक्षा उनके लिए सर्वोपरि है। फ्लाईओवर की जाली जो टूटी हुई है उसे भी जल्द सही कराया जाएगा।


About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



