Palwal News: 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, 14 अगस्त को मनाया जाएगा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’
राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर राज्य से लेकर ग्राम स्तर तक विशेष देशभक्ति कार्यक्रम होंगे आयोजित
हरियाणा सरकार द्वारा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 9 से 17 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तथा 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा।
पलवल: हरियाणा सरकार द्वारा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 9 से 17 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तथा 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति भावनात्मक रूप से जोडऩा, देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना तथा युवा पीढ़ी को भारत के विभाजन के इतिहास एवं उससे जुड़े बलिदानों से अवगत कराना है।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने यह जानकारी बृहस्पतिवार को जिला सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित बैठक में दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में राज्य स्तरीय विस्तृत कार्ययोजना जारी की गई है। इससे पहले हरियाणा के मुख्य सचिव अनुरोग रस्तोगी ने प्रदेशभर में आयोजित किए जाने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान तथा 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के मद्देनजर सभी उपायुक्तों की राज्य स्तरीय बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत होंगे श्रद्धांजलि कार्यक्रम : उपायुक्त
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 14 अगस्त को विभाजन के दौरान प्रभावित हुए लाखों लोगों की स्मृति में राज्य एवं जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रदर्शनी, डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शन, नाट्य मंचन, विभाजन पीडि़त परिवारों के अनुभव साझा करना, मौन श्रद्धांजलि, कैंडल मार्च तथा शैक्षणिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन विभाजन से प्रभावित परिवारों की कहानियों का संकलन कर नई पीढ़ी तक पहुंचाएगा।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान में ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष होंगे विशेष आकर्षण :
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभिन्न कार्यक्रमों में आधिकारिक स्वरूप में ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इसके लिए समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें।
प्रदेशभर में तिरंगा रैलियां, प्रदर्शनी, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित : उपायुक्त
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि अभियान के अंतर्गत राज्य एवं जिला स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस, देशभक्ति आधारित तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी, बाइक, साइकिल एवं ई-बाइक रैलियां, तिरंगा शोभायात्राएं, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान, सरकारी भवनों पर तिरंगा रोशनी, विशाल तिरंगा रंगोली तथा राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे। सभी कार्यक्रमों के सफल संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी संबंधित उपायुक्तों को सौंपी गई है।
विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में होंगे विशेष आयोजन :
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला के सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में व्याख्यान, परिचर्चा, प्रदर्शनी, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को 1 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
18 अगस्त तक भेजनी होगी अनुपालन रिपोर्ट :
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि अभियान के अंतर्गत सभी जिलों एवं संबंधित विभागों को 10 अगस्त तक प्रगति रिपोर्ट तथा 18 अगस्त 2026 तक विस्तृत अंतिम अनुपालन रिपोर्ट सूचना, जनसंपर्क, भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग, हरियाणा को भेजनी होगी, ताकि राज्य स्तर पर समेकित रिपोर्ट तैयार की जा सके।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम हरिराम, डीएसपी नरेंद्र खटाना, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी उपमा अरोड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत, एलडीएम दर्शन लाल भल्ला, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता रितेश यादव सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



