Mewat/Ferozepur Jirkha: मांस-मीट और बिरयानी की दुकानों को बंद कराने के लिए नपा प्रशासन ने दिए नोटिस
ब्रज मंडल जलाभिषेक और कांवड यात्रियों के आगमन से पहले प्रशासन ने लिया फैसला।
ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा और कांवड़ यात्रा को लेकर स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के मद्देनजर शहर में मांस-मीट तथा बिरयानी की दुकानों को निर्धारित अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
फिरोजपुर झिरका। ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा और कांवड़ यात्रा को लेकर स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के मद्देनजर शहर में मांस-मीट तथा बिरयानी की दुकानों को निर्धारित अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में नगर पालिका प्रशासन की ओर से दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं।

एसडीएम लक्ष्मीनारायण के आदेशानुसार नगर पालिका प्रशासन ने शहर की मांस, मीट और बिरयानी की दुकानों के संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धार्मिक यात्राओं के दौरान अपनी दुकानें न खोलें। नगर पालिका के बिल्डिंग इंस्पेक्टर सरफराज अहमद के नेतृत्व में कर्मचारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दुकानदारों को नोटिस वितरित किए।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार फिरोजपुर झिरका शहर में इस तरह की करीब 100 से अधिक दुकानें संचालित हैं। सभी संबंधित दुकानदारों को प्रशासनिक निर्देशों की जानकारी देते हुए यात्रा के दौरान दुकानें बंद रखने को कहा गया है। इससे पहले एसडीएम लक्ष्मीनारायण ने अधिकारियों एवं संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे।
गौरतलब है कि 3 अगस्त को ब्रज मंडल जलाभिषेक यात्रा नूंह पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा नूंह से होते हुए फिरोजपुर झिरका क्षेत्र से होकर सिंगार गांव पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रशासन का कहना है कि धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और सभी समुदायों के बीच आपसी भाईचारा एवं शांति बनी रहे, इसके लिए यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों ने दुकानदारों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



