Palwal News : अनुबंधित अध्यापकों का सरकार के खिलाफ कैंडल मार्च, 31 जुलाई को कुरुक्षेत्र पहुंचने का आह्वान

Desh Rojana
On

सर्वोच्च न्यायालय एवं पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ के आदेशों को लागू कराने तथा हरियाणा सरकार से गेस्ट टीचर्स/अनुबंधित अध्यापकों को नियमित करने की मांग को लेकर शनिवार को खोटा मंदिर परिसर, पलवल में अनुबंधित अध्यापकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

पलवल। सर्वोच्च न्यायालय एवं पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ के आदेशों को लागू कराने तथा हरियाणा सरकार से गेस्ट टीचर्स/अनुबंधित अध्यापकों को नियमित करने की मांग को लेकर शनिवार को खोटा मंदिर परिसर, पलवल में अनुबंधित अध्यापकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान उदय राम शास्त्री ने की, जबकि मंच संचालन अशोक शास्त्री ने किया। ccबैठक को संबोधित करते हुए राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ के राज्य प्रधान दिनेश यादव ने कहा कि अब संघर्ष को निर्णायक रूप देने का समय आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों के हितों को लेकर केवल घोषणाएं करती है, लेकिन उन्हें लागू करने की इच्छाशक्ति नहीं दिखा रही। उन्होंने कहा कि 21 वर्षों से कार्यरत गेस्ट टीचर्स आज भी नियमितीकरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। माननीय न्यायालयों के आदेशों के बाद शिक्षकों में उम्मीद जगी है, लेकिन सरकार की हठधर्मिता के कारण पिछले एक महीने से हरियाणा के गेस्ट टीचर्स कुरुक्षेत्र में क्रमिक अनशन पर बैठे हैं।हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य प्रधान प्रभु सिंह ने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने तीन वर्ष वाली नियमितीकरण नीति को वैध माना है और सभी गेस्ट टीचर्स/अनुबंधित अध्यापक इस नीति के दायरे में आते हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने का है।राज्य सह सचिव रेखा ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में गेस्ट टीचर्स के साथ है तो उसे बिना देरी नियमितीकरण की घोषणा करनी चाहिए।हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान थान सिंह शर्मा ने भरोसा दिलाया कि गेस्ट टीचर्स के आंदोलन में नियमित अध्यापक भी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और हर स्तर पर सहयोग करेंगे।बैठक में सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान जितेंद्र तेवतिया, वरिष्ठ उपप्रधान देवी राम शर्मा, राकेश तंवर (राज्य उपप्रधान, हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन), जमील अहमद, हरेंद्र अत्रि, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला सचिव हरी चंद वर्मा सहित अनेक कर्मचारी एवं शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए गेस्ट टीचर्स के नियमितीकरण आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की।
बैठक में गेस्ट टीचर्स की ओर से रेखा रानी, धर्मवीर शर्मा जिला प्रधान फरीदाबाद, नरेश यादव प्रधान गुरुग्राम मंडल, अरशद अहमद, राज्य उपप्रधान महेश तेवतिया, यादराम, रिशाल सिंह, हेतराम, नीलम, इंद्रा सोनी, सुषमा, मीनाक्षी, ऊषा, राजकुमार शास्त्री सहित अनेक साथियों ने भाग लिया। बैठक के उपरांत सभी उपस्थित शिक्षक एवं कर्मचारी सरकार के विरोध में कैंडल मार्च निकालते हुए बस स्टैंड तक पहुंचे। वहां जिला प्रधान उदय राम शास्त्री ने सभी उपस्थित साथियों का आभार व्यक्त किया और आह्वान किया कि 31 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में कुरुक्षेत्र पहुंचकर नियमितीकरण आंदोलन को ऐतिहासिक बनाया जाए। बैठक में एक स्वर से मांग की गई कि हरियाणा सरकार सर्वोच्च न्यायालय एवं पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशों को तत्काल लागू करे तथा अपने चुनावी घोषणा-पत्र में किए गए वादे के अनुसार सभी पात्र गेस्ट टीचर्स/अनुबंधित अध्यापकों को बिना विलंब नियमित करे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad