Rewari News: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का विजय मार्च, युवाओं की जीत बताया
राहुल गांधी सहित कांग्रेस पार्टी सड़क से संसद तक युवाओं के साथ खड़ी रही
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव के नेतृत्व में रेवाड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय मार्च निकालकर इसे छात्रों के संघर्ष, सत्य और लोकतंत्र की जीत बताया। सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता चिरंजीव राव के निवास स्थान से विजय मार्च निकालते हुए गांधी चौक पहुंचे।
रेवाड़ी: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक चिरंजीव राव के नेतृत्व में रेवाड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय मार्च निकालकर इसे छात्रों के संघर्ष, सत्य और लोकतंत्र की जीत बताया। सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता चिरंजीव राव के निवास स्थान से विजय मार्च निकालते हुए गांधी चौक पहुंचे।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र एकता जिंदाबाद, युवा शक्ति जिंदाबाद, सत्य की जीत हुई है जैसे जोरदार नारे लगाए। गांधी चौक पहुंचने के बाद चिरंजीव राव एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर उन छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिन्होंने कथित रूप से नीट पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी परेशानियों एवं मानसिक तनाव के कारण अपनी जान गंवाई। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की गई।
मार्च को संबोधित करते हुए चिरंजीव राव ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उन लाखों छात्रों की जीत है जिन्होंने अपने भविष्य और न्याय के लिए लगातार संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि यह केवल एक मंत्री का इस्तीफा नहीं, बल्कि अहंकार, तानाशाही और युवा विरोधी सोच की हार है।
चिरंजीव राव ने कहा यह तो अभी अंगड़ाई है, लड़ाई अभी जारी है। जब तक युवा, किसान, मजदूर और आम जनता विरोधी भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने देश में अराजकता का माहौल बना रखा है। शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हुई है, पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया है और सरकार छात्रों की आवाज़ दबाने का काम करती रही। लेकिन छात्रों के शांतिपूर्ण संघर्ष और कांग्रेस पार्टी के लगातार समर्थन के कारण सरकार को आखिरकार झुकना पड़ा।
चिरंजीव राव ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों के मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाया और हर कदम पर युवाओं के साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के अधिकार, रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि देश का युवा अब जाग चुका है और अन्याय, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, बेरोजगारी तथा जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज़ बुलंद कर रहा है। कांग्रेस का यह संघर्ष युवाओं के सम्मान और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए निरंतर जारी रहेगा। इस अवसर पर काफी कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा साथी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



