Nuh Mewat News: सर्वोत्तम कार्य करने वाली "विद्यालय प्रबंधन समितियों" को इनाम के तौर पर दिए जाएंगे 10 लाख रूपये: सीएम नायब सैनी

मुख्यमंत्री ने स्कूलों के मूल्यांकन के लिए "सच " पोर्टल को किया लांच

Desh Rojana
On

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज घोषणा की कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में खंड स्तर पर सर्वोत्तम कार्य करने वाली "विद्यालय प्रबंधन समितियों" को ईनाम के तौर पर 10 लाख रुपये दिए जाएंगे।

नूंह: हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज घोषणा की कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में खंड स्तर पर सर्वोत्तम कार्य करने वाली "विद्यालय प्रबंधन समितियों" को ईनाम के तौर पर 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। इस राशि का उपयोग स्कूल के विकास में किया जाएगा। इसमें सर्वोत्तम विद्यालय प्रबंधन समिति का चयन "सच" पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। इसके अलावा , सभी "विद्यालय प्रबंधन समितियों" को पेयजल का टैंक ठीक करवाने , टॉयलेट एवं दीवार की मरम्मत जैसे छोटे -मोटे एवं आवश्यक कार्यों के लिए एक लाख रुपए तक खर्च करने की शक्तियां दी जाएंगी। अतिरिक्त उपायुक्त की स्वीकृति के बाद 25 लाख रुपये तक खर्च करने की अनुमति होगी।
मुख्यमंत्री रविवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास से राज्य के सरकारी स्कूलों की "विद्यालय प्रबंधन समितियों" के साथ वर्चुअल माध्यम से सीधा राज्यस्तरीय संवाद कर रहे थे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर सरकारी स्कूलों के मूल्यांकन के लिए "सच " नामक पोर्टल को भी लांच किया। श्री नायब सिंह सैनी ने प्रत्येक जिला के एक स्कूल की विद्यालय प्रबंधन समिति से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया। उन्होंने सभी समितियों के अध्यक्ष , सचिव एवं सदस्यों से स्वच्छता , पेयजल की व्यवस्था , टॉयलेट , स्टेडियम , स्कूल में बच्चों की संख्या , बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम, सुपर -100 एवं बुनियाद कार्यक्रम में बच्चों का प्रवेश के अलावा आईआईटी , आईआईएम , राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों का प्रदर्शन से लेकर विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठकों एवं पीटीएम को लेकर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने शिक्षा एवं उनके स्कूलों की बेहतरी के लिए सुझावों तथा आवश्यकताओं पर भी बातचीत की। विद्यालय प्रबंधन समिति के सभी पदाधिकारियों ने राज्य सरकार द्वारा स्कूली शिक्षा को लेकर उठाए गए कदमों की प्रशंसा की और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को साधुवाद भी दिया।
 
IMG-20260719-WA0045
 
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सभी विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच के अनुरुप हरियाणा सरकार स्कूली शिक्षा को गुणवत्तापरक एवं संस्कारवान बनाने पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी शिक्षा में निहित होती है , इसलिए समिति के सदस्य अपने दायित्वों को समझते हुए स्कूल के वातावरण को अनुकूल बनाने के लिए मिल-जुल कर कार्य करें। उन्होंने स्कूलों के मुखियाओं से भी आह्वान किया कि सभी अध्यापक , विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं बच्चे स्कूल परिसर में पौधरोपण करें। बच्चों को " एक पेड़ मां के नाम" लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों से भी सरकारी स्कूलों का समय -समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
 
 
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाकड़ौजी स्कूल के एसएमसी चेयरमैन व प्रिंसिपल से किया सीधा संवाद
 स्कूल प्रबंधन समितियों से सीधा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गांव भाकड़ौजी स्कूल की एसएमसी के चेयरमैन नसीम खान व स्कूल के प्रिंसिपल से भी बात की। उन्होंने भाकड़ौजी स्कूल की वर्तमान स्थिति एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। नसीम खान ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस विद्यालय में वर्तमान में 1100 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें 500 छात्राएं तथा 600 छात्र हैं। पिछले कुछ वर्षों में विद्यालय में छात्राओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है, जिसके चलते अधिक संख्या में अभिभावक अपनी बेटियों को स्कूल भेज रहे हैं। साथ ही सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
नसीम खान ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा सरकारी नौकरियों में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपनाए जाने से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचि और विश्वास बढ़ा है। अब गरीब परिवारों के बच्चे भी अपनी मेहनत के बल पर सरकारी नौकरियां प्राप्त कर रहे हैं, जिससे शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बना है।
विद्यालय के प्राचार्य सुनील श्योराण ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम 94 प्रतिशत रहा, जबकि पूर्व वर्षों में परिणाम अपेक्षाकृत कम रहता था। विद्यालय स्टाफ, स्कूल प्रबंधन समिति और विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयासों से परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने बताया कि गत वर्ष विद्यालय के एक विद्यार्थी ने नीट परीक्षा में 2354वीं रैंक प्राप्त कर एम्स में प्रवेश हासिल किया। इसके अलावा विद्यालय की तीन छात्राओं का नर्सिंग पाठ्यक्रम में चयन हुआ है। विद्यालय के दो पूर्व विद्यार्थी पुलिस कांस्टेबल बने हैं तथा एक विद्यार्थी का चयन ग्रुप-डी में हुआ है।
प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय हरियाणा की सीमा पर स्थित है, जहां से राजस्थान की सीमा लगभग दो किलोमीटर तथा उत्तर प्रदेश की सीमा लगभग तीन किलोमीटर दूर है। दूरदराज क्षेत्र में स्थित होने के कारण प्रारंभिक वर्षों में कई चुनौतियां थीं, लेकिन स्कूल प्रबंधन समिति और ग्रामीणों के सहयोग से उनका समाधान किया गया। विद्यालय के आसपास स्थित कई मिडिल स्कूलों से विद्यार्थी यहां उच्च शिक्षा के लिए आते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में सबसे पहले छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम आज देखने को मिल रहे हैं। विद्यालय में खेल मैदान एवं खेल नर्सरी जैसी आवश्यकताओं से जिला प्रशासन को भी अवगत कराया गया है और इनके शीघ्र समाधान की उम्मीद है।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, विद्यालय का स्टाफ तथा स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad