Faridabad News: 24 जुलाई का इंतजार न करें, जल्द-से-जल्द जमा कराएं गणना प्रपत्र : उपायुक्त आयुष सिन्हा
गणना प्रपत्र जमा कराने के लिए सिर्फ पांच दिन शेष, जल्द- से - जल्द अपने बीएलओ को जमा करें गणना प्रपत्र प्राप्त
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची के अद्यतन एवं शुद्धिकरण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अभियान के तहत गणना प्रपत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 24 जुलाई निर्धारित है।
फरीदाबाद: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची के अद्यतन एवं शुद्धिकरण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अभियान के तहत गणना प्रपत्र जमा कराने की अंतिम तिथि 24 जुलाई निर्धारित है। ऐसे में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे अंतिम समय तक प्रतीक्षा करने के बजाय अपना गणना प्रपत्र (Enumeration Form) शीघ्र भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा कराएं और मतदाता सूची के इस महत्वपूर्ण पुनरीक्षण अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के सभी बीएलओ 24 जुलाई तक घर-घर जाकर सत्यापन एवं गणना प्रपत्र संग्रहण का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र जमा कराने के लिए सिर्फ 5 दिन बचें हैं, ऐसे में अपने बीएलओ से संपर्क कर जल्द से जल्द गणना प्रपत्र जमा कराएं।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। इसके उपरांत 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 31 जुलाई से 28 सितंबर तक किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग की सभी टीमें इस अभियान को सफल बनाने के लिए मिशन मोड में कार्य कर रही हैं। बीएलओ लगातार घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर रहे हैं ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने अथवा विवरण अद्यतन कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं कराया है, पांच दिनों के भीतर अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क करें और आवश्यक दस्तावेजों सहित गणना प्रपत्र अवश्य जमा कराएं। उन्होंने कहा कि 24 जुलाई का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि यदि किसी प्रकार की तकनीकी अथवा दस्तावेज संबंधी कमी सामने आती है तो उसका समय रहते समाधान किया जा सके। समय पर गणना प्रपत्र जमा कराने से मतदाता सूची में मतदाता का विवरण सही, अद्यतन एवं त्रुटिरहित दर्ज किया जा सकेगा।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



