Gurugram News: खाना बनाने से मना किया तो घोंट दिया पत्नी का गला

पुलिस को गुमराह करने के लिए बनाई शराब के सेवन से मौत का बहाना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ खुलासा

Desh Rojana
On

शराब के नशे में घर आए पति को जब पत्नी ने खाना बनाने से मना कर दिया तो उसने उसका गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी।

गुरुग्राम: शराब के नशे में घर आए पति को जब पत्नी ने खाना बनाने से मना कर दिया तो उसने उसका गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी। बाद में पुलिस को गुमराह करने के लिए बताया कि उसकी पत्नी शराब पीती थी और अधिक शराब पीने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जब शव का पोस्टमार्टम कराया तो मौत के असली कारणों का पता चला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
 
dead-body-in-bangalores-apartment (1)
 
बीती 16 जुलाई को पुलिस थाना बादशाहपुर  को सूचना प्राप्त हुई कि गांव बादशाहपुर स्थित सब्जी मंडी के निकट बनी झुग्गियों में झुग्गी नंबर-24 में एक महिला मृत अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम द्वारा एफएसएल टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए महिला के शव को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भिजवाया गया।
प्रारंभिक जांच के दौरान मृतका के पति दिनेश द्वारा पुलिस को बताया गया कि उसकी पत्नी की मृत्यु अत्यधिक शराब पीने के कारण हुई है। इस पर पुलिस द्वारा नियमानुसार धारा 194 के तहत कार्रवाई की गई। इसके उपरांत मोर्चरी से प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका की मृत्यु का कारण गला दबाने से दम घुटना अंकित किया गया।
17 जुलाई को मोर्चरी में झुग्गी मालिक विकास ने पुलिस टीम को लिखित शिकायत प्रस्तुत की। शिकायतकर्ता ने बताया कि मृतका तलमई किसकू अपने पति दिनेश के साथ पिछले लगभग एक माह से उसकी झुग्गी में किराये पर रह रही थी। दोनों पति-पत्नी प्रतिदिन शराब का सेवन करते थे तथा उनके बीच अक्सर आपसी कहासुनी व झगड़ा होता रहता था। 14 जुलाई की रात्रि को भी दोनों के बीच शराब पीने के बाद विवाद हुआ था। 16 जुलाई को महिला झुग्गी में मृत अवस्था में मिली।
शिकायतकर्ता ने बताया कि दिनेश ने शराब के नशे में हुए विवाद की रंजिश रखते हुए अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी तथा स्वयं को बचाने के उद्देश्य से पुलिस के समक्ष झूठी जानकारी देकर मृत्यु का कारण अत्यधिक शराब पीना बताया।
शिकायत एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस थाना बादशाहपुर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामलाअंकित किया गया।  पुलिस टीम ने रविवार को टिकली रोड, बादशाहपुर से आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी की पहचान दिनेश (उम्र 35 वर्ष) निवासी गांव आलम नगर, जिला लखनऊ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गांव बादशाहपुर, जिला गुरुग्राम (हरियाणा)के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका तलमई किसकू उसकी पत्नी थी तथा दोनों गुरुग्राम में मजदूरी का कार्य करते थे। 14 जुलाई रात्रि को वह शराब पीकर घर आया और अपनी पत्नी से खाना बनाने के लिए कहा। पत्नी द्वारा मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी रंजिश में आरोपी ने अपने हाथों एवं एक कपड़े से पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से चला गया तथा अपने बचाव के लिए पुलिस के समक्ष झूठे बयान दिए।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad