गुरुग्राम: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) क्षेत्र में जुलाई माह के दौरान बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। डीएचबीवीएन के क्षेत्र में 18 जुलाई को 1,763.70 लाख यूनिट (एलयू) बिजली की खपत के साथ माह की अब तक की सर्वाधिक दैनिक मांग दर्ज की गई। यह 17 जुलाई की 1732.16 लाख यूनिट की तुलना में 1.82 प्रतिशत अधिक तथा पिछले वर्ष इसी दिन 18 जुलाई 2025 की 1282.10 लाख यूनिट की तुलना में 37.56 प्रतिशत अधिक रही।
 
fdfgj_1774329051
 
कहां कितनी हुई खपत 
दिल्ली जोन में कुल 1065.53 लाख यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई, जबकि हिसार जोन में 698.17 लाख यूनिट बिजली की खपत रही।
सर्कलवार खपत में गुरुग्राम-द्वितीय सर्कल 307.53 लाख यूनिट के साथ सबसे अधिक बिजली खपत वाला सर्कल रहा। इसके बाद फरीदाबाद में 277.23 लाख यूनिट, गुरुग्राम-प्रथम में 200.79 लाख यूनिट, सिरसा में 154.13 लाख यूनिट तथा फतेहाबाद में 153.93 लाख यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई।
पिछले दिन की तुलना में खपत में सबसे अधिक वृद्धि फतेहाबाद सर्किल में 10.49 प्रतिशत, सिरसा में 10.13 प्रतिशत तथा भिवानी में 9.36 प्रतिशत दर्ज की गई।
 
बढ़ती गर्मी और उमस ने बढ़ाई परेशानी 
आंकड़े दर्शाते हैं कि प्रदेश में बढ़ती गर्मी एवं उमस के कारण बिजली की मांग लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई है। डीएचबीवीएन उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अपने वितरण तंत्र की लगातार निगरानी कर रहा है।
बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए डीएचबीवीएन ने अपने फील्ड अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने, फॉल्ट का त्वरित निवारण करने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। निगम ने ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों में विद्युत आपूर्ति की सतत निगरानी के लिए नियंत्रण व्यवस्था भी सुदृढ़ की है।