Mewat News: नूंह को स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगात: तीन स्वास्थ्य उपकेंद्र बनेंगे पीएचसी, हजारों ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
हरियाणा सरकार ने नूंह जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में वर्ष 2026-27 के बजट में की गई घोषणा को अमल में लाते हुए नूंह जिले के लूहिंगा कलां, चंदेनी और शाह चोखा स्वास्थ्य उपकेंद्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के रूप में अपग्रेड करने की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है।
मेवात: हरियाणा सरकार ने नूंह जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में वर्ष 2026-27 के बजट में की गई घोषणा को अमल में लाते हुए नूंह जिले के लूहिंगा कलां, चंदेनी और शाह चोखा स्वास्थ्य उपकेंद्रों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के रूप में अपग्रेड करने की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इन तीनों उपकेंद्रों के पीएचसी बनने से आसपास के हजारों ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।

आरती सिंह राव ने बताया कि सरकार ने इन परियोजनाओं के लिए भूमि, भवन, मानव संसाधन, चिकित्सा उपकरण और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत आकलन कर लिया है। पीएचसी बनने के बाद यहां सामान्य रोगों का उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, प्रसव सुविधाएं, आवश्यक जांच तथा दवाइयों की उपलब्धता जैसी सेवाएं अधिक प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से मेवात क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। समय पर इलाज मिलने से गंभीर बीमारियों की रोकथाम और उपचार में भी मदद मिलेगी, जिससे ग्रामीण परिवारों को बड़ा लाभ होगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार स्वास्थ्य अवसंरचना को लगातार मजबूत कर रही है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करते हुए सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। नूंह जिले के इन तीन स्वास्थ्य उपकेंद्रों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन इसी संकल्प की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

About The Author
संबंधित समाचार



