Gurugram News: दुबई से चल रहा था ठगी का नेटवर्क, छह गिरफ्तार
रिटायर्ड एयर मार्शल से ठगे 2.65 करोड़ रुपए
दुबई से ठगी का नेटवर्क चलाने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन ठगों ने रिटायर्ड एयर मार्शल टी एस चटवाल से पिछले साल जनवरी में हुए 2 करोड़ 65 लाख रुपये की ठगी की थी।
गुरुग्राम: दुबई से ठगी का नेटवर्क चलाने वाले छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन ठगों ने रिटायर्ड एयर मार्शल टी एस चटवाल से पिछले साल जनवरी में हुए 2 करोड़ 65 लाख रुपये की ठगी की थी। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ईस्ट ने इन्वेस्टमेंट फ्रॉड केस में सेकंड लेयर के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।

इस मामले में पुलिस ने गाजियाबाद, दिल्ली और बहादुरगढ़ से छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। एसीपी साइबर क्राइम गौरव फोगाट ने बताया कि मामले की जांच क्राइम यूनिट साइबर डिवीजन कर रही है।
जांच में सामने आया कि ठगी की रकम के छह लाख रुपये इंडियन ओवरसीज बैंक के एक जॉइंट खाते में जमा हुए थे। यह खाता सोनू चौधरी और आकाश सोनी के नाम पर था। खाते की जांच के बाद सोनू चौधरी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया।
सोनू ने पूछताछ में बताया कि उसने अपना खाता बहादुरगढ़ के पुनीत नाम के एग्रीगेटर को दिया था। इसके बाद पुलिस टीम ने 19 जुलाई को बहादुरगढ़ की ओमेक्स सिटी में रेड की। यहां से पुनीत, अभिषेक, विकास और दुष्यंत को गिरफ्तार किया गया। पुनीत ने दिल्ली के द्वारका निवासी सम्राट के कहने पर खाते आगे बेचे थे।
पुलिस ने बहादुरगढ़ से तीन लैपटॉप, 16 मोबाइल, 90 एटीएम कार्ड, 42 चेक बुक, रबर स्टांप, 33 सिम कार्ड और एक पासपोर्ट बरामद किया। पुनीत के पासपोर्ट पर 2023 से 2026 तक दुबई यात्रा के चार स्टांप मिले।
गिरफ्तार पुनीत ने बताया कि वह दुबई में बैठे हैंडलर रुद्र से मिलने जाता था। यहां खाते खुलवाने का काम वह सम्राट सिम्बल के साथ मिलकर करता था। ये सभी खाते आगे साइबर ठगों को सप्लाई किए जाते थे। पुलिस के अनुसार पकड़े गए अधिकांश आरोपित 10वीं-12वीं पास हैं। अभिषेक ने मेरठ से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया है।
6 राज्यों में शिकायतें दर्ज
जांच में सामने आया कि इन खातों के खिलाफ राजस्थान में छह, तेलंगाना में दो, झारखंड, केरल और कर्नाटक में 2-2 शिकायतें दर्ज हैं। सिम कार्ड्स की डिटेल खंगाली जा रही है। कुल डिफ्रॉडेड अमाउंट का आकलन किया जा रहा है।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



