Gurugram News: सुंदरकांड पाठ पर सियासी अखाड़ा बना गुरुग्राम
भाजपा दफ्तर के बाहर सुंदर कांड पाठ करने गए कांग्रेसी हिरासत में लिए
सुंदर कांड के पाठ पर मंगलवार को गुरुग्राम सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया। अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेता मंगलवार को भाजपा के जिला कार्यालय गुरुकमल के बाहर विरोध प्रदर्शन और सुंदरकांड पाठ करने पहुंचे।
गुरुग्राम: सुंदर कांड के पाठ पर मंगलवार को गुरुग्राम सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया। अयोध्या स्थित भगवान श्रीराम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के नेता मंगलवार को भाजपा के जिला कार्यालय गुरुकमल के बाहर विरोध प्रदर्शन और सुंदरकांड पाठ करने पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच बहस हो गई। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइंस पहुंचा दिया, जहां उन्होंने सुंदरकांड पाठ किया।

कांग्रेस नेताओं का कहना था कि वे भाजपा कार्यालय के बाहर सुंदरकांड पाठ कर मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करना चाहते थे। वहीं पुलिस ने निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए उन्हें कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी।
यहां से बिगड़ी बात
दरअसल, दो दिन पहले कांग्रेस ने अयोध्या राम मंदिर में चंदा गबन को लेकर भाजपा पर सीधे आरोप मढ़े। कांग्रेस के ग्रामीण और शहरी जिला अध्यक्षों ने भाजपा पर चंदा चोरी के आरोपियों पर संरक्षण का आरोप लगाया। साथ ही मंगलवार को गुरुग्राम के भाजपा दफ्तर के बाहर सुंदर कांड पाठ का ऐलान किया। सोमवार देर रात सेक्टर 40 पुलिस की ओर से कानून व्यवस्था बिगड़ने का हवाला देकर दोनों जिला अध्यक्षों को नोटिस जारी किया गया और सुंदर कांड पाठ नहीं करने का अनुरोध किया। जिससे दोनों जिलाध्यक्षों ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर भाजपा पर फिर से दमनकारी नीति अपनाने का आरोप लगाया और कार्यकर्ताओं को सुंदरकांड पाठ में भाग लेने का आह्वान किया। स्थिति बिगड़ती देख जिला मजिस्ट्रेट की हैसियत से डीसी उत्तम सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत सेक्टर-31 स्थित भाजपा जिला कार्यालय गुरुकमल के 300 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर रखी थी। आदेशों के अनुसार, 14 जुलाई को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सार्वजनिक शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा यातायात को सुचारु रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया था।
धारा 163 के बावजूद नहीं माने कांग्रेसी
डीएम की ओर से धारा 163 की सूचना के बाद भी कांग्रेसी बड़ी संख्या में भाजपा दफ्तर के बाहर एकत्रित हुए। पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग की हुई थी। जैसे ही कांग्रेसी कार्यकर्ता बेटीकेंडिंग तोड़ कर भाजपा दफ्तर की ओर बढ़ने लगे, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

करीब तीन दर्जन नेताओं और कार्यकर्ताओं की हिरासत में लेकर बसों में भरकर पुलिस लाइन पहुंचाया गया। जिस हॉल में कांग्रेसियों को रोका गया उन्होंने वहां सुंदरकांड पाठ किया।
लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन कांग्रेस के जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव और जिलाध्यक्ष ((शहरी) पंकज डावर ने कहा कि भाजपा राम की भक्ति करने से रोक रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर प्रशासन ने सुंदर कांड पाठ में व्यवधान डाला। पुलिस ने बर्बरता की। कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाई। हालांकि पुलिस ने पूरी एहतियात और सुरक्षा के साथ कांग्रेसियों को बस में बैठाया था। कुछ कार्यकर्ताओं ने जिद की तो पुलिस ने उन्हें उठाकर जबरदस्ती बस में बैठाया।
निराधार हैं बर्बरता के आरोप
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की हैसियत से मौके पर तैनात एसीपी धर्मवीर सिंह ने कहा कि पुलिस पर बर्बरता के आरोप निराधार हैं। सब कुछ ऑन कैमरा हुआ है। पूरा मीडिया यहां पर मौजूद है। सबके पास पूरे घटनाक्रम के फुटेज हैं। कांग्रेस के लोगों ने धारा 163 का उलंघन किया। दिल्ली जयपुर जैसे संवेदनशील हाइवे को अवरुद्ध करने की कोशिश की। पुलिस ने खूब मान मनोव्वल किया, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। तब जाकर उन्हें हिरासत में लिया गया। कुल मिलाकर मंगलवार को सुंदर कांड पाठ को लेकर गुरुग्राम की सियासत गर्म रही।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



