Narnaul News: सड़क किनारे कपड़ों में लिपटा मिला महिला का शव, हत्या की आशंका
जिला मुख्यालय नारनौल के नांगल चौधरी क्षेत्र में नौगजा और शहबाजपुर नदी के बीच सड़क किनारे कपड़ों में लिपटा हुआ एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है।
नारनौल: जिला मुख्यालय नारनौल के नांगल चौधरी क्षेत्र में नौगजा और शहबाजपुर नदी के बीच सड़क किनारे कपड़ों में लिपटा हुआ एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के अनुसार यह शव करीब 3 से 4 दिन पुराना है। शव कपड़ों में पूरी तरह लिपटा हुआ मिला है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक महिला की उम्र करीब 32 वर्ष है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को यहां खुर्द-बुर्द करने के इरादे से फेंका गया है।

शनिवार दोपहर को राहगीरों द्वारा सूचना मिलने के बाद नारनौल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है।
फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस की टीमें आसपास के थानों में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही हैं ताकि महिला की पहचान की जा सके।




